बिहार में शान से लहराया तिरंगा, पटना हाईकोर्ट से नवादा, नालंदा , आरा, गोपालगंज से कटिहार तक गूंजा देशभक्ति का तराना
Bihar Independence Day 2026: बिहार में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न जोश, जज्बे और शान-ओ-शौकत के साथ मनाया गया।
Bihar Independence Day 2026: बिहार में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न जोश, जज्बे और शान-ओ-शौकत के साथ मनाया गया। राजधानी पटना से लेकर नवादा, नालंदा, कटिहार, गोपालगंज और आरा तक सरकारी परिसरों, स्टेडियमों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर तिरंगा आन-बान और शान के साथ लहराया। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए जगह-जगह राष्ट्रगान, परेड और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पटना हाईकोर्ट में एक्टिंग चीफ जस्टिस ने फहराया तिरंगा
पटना हाईकोर्ट परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक्टिंग चीफ जस्टिस सुधीर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर बड़ी संख्या में माननीय जज, अधिवक्तागण और अधिकारी मौजूद रहे। झंडोत्तोलन के बाद एक्टिंग चीफ जस्टिस ने वहां उपस्थित गणमान्य अतिथियों से मुलाकात की।वहीं, बिहार राज्य बार काउंसिल परिसर में अध्यक्ष रमाकांत शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की। इस दौरान अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने राष्ट्रीय पर्व को पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाया।
नवादा में हरिश्चंद्र स्टेडियम में मुख्य समारोह
नवादा में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया गया। जिले का मुख्य राजकीय समारोह हरिश्चंद्र स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां सुबह 9 बजे बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी।इससे पहले मंत्री ने प्लाटून का निरीक्षण किया। समारोह में डीएम रवि प्रकाश, एसपी अभिनव धीमान समेत जिले के तमाम अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।अपने संबोधन में मंत्री ने नवादा में चल रहे विकास कार्यों का सिलसिलेवार जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, हर घर नल-जल योजना समेत कई अहम योजनाओं पर काम हुआ है। बेहतर पार्कों का निर्माण कराया जा रहा है और आधुनिक सदर अस्पताल के निर्माण की दिशा में भी काम जारी है।उन्होंने कहा कि सरकार नवादा के चौमुखी विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित कर उनके योगदान और कुर्बानी को याद किया गया।
नालंदा में सोगरा स्कूल मैदान में गूंजा राष्ट्रगान
नालंदा में बिहारशरीफ के सोगरा स्कूल मैदान में जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह में पुलिस अधीक्षक भारत सोनी समेत जिले के कई वरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मी मौजूद रहे।
डीएम उदिता सिंह और एसपी भारत सोनी ने नालंदा पुलिस के जवानों की परेड का निरीक्षण किया। जवानों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्चपास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। पूरा माहौल देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया।
कटिहार में पहली बार महेश्वरी अकादमी मैदान में समारोह
कटिहार में 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह इस बार महेश्वरी अकादमी मैदान में आयोजित किया गया। राजेंद्र स्टेडियम में विकास कार्य जारी रहने के कारण पहली बार मुख्य कार्यक्रम के लिए इस मैदान का चयन किया गया।बिहार सरकार के खनन मंत्री सह कटिहार के प्रभारी मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने परेड की सलामी लेने के बाद झंडोत्तोलन किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश के विकास के साथ-साथ कटिहार जिले में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों का आंकड़ा भी सामने रखा।
गोपालगंज में मिंज स्टेडियम में लहराया तिरंगा
गोपालगंज में भी स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति का रंग देखने को मिला। शहर के मिंज स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिलाधिकारी समीर सौरभ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।राष्ट्रगान के दौरान स्टेडियम में मौजूद लोगों ने देश के प्रति सम्मान और समर्पण का इजहार किया। समारोह में एसपी विनय तिवारी, डीडीसी गौरव कुमार, एसडीएम प्रेरणा सिंह, सदर एसडीपीओ राजेश कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी विजय कुमार मिश्रा समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
आरा के रमना मैदान में आजादी के शहीदों को सलाम
आरा में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शहर के ऐतिहासिक रमना मैदान में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। यहां जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।मंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की बदौलत ही आज देशवासी आजाद हवा में सांस ले रहे हैं।अपने संबोधन में उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों, शिक्षा, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।इस तरह बिहार के अलग-अलग जिलों में स्वतंत्रता दिवस सिर्फ झंडोत्तोलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह शहादत, संघर्ष और विकास के संकल्प का पर्व बनकर सामने आया। अदालत परिसर से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों और स्टेडियमों तक तिरंगे की शान नजर आई और वीर सपूतों की कुर्बानी को श्रद्धा के साथ याद किया गया।
नवादा से अमन कुमार, नालंदा से राज पाण्डेय, कटिहार से श्याम कुमार सिंह गोपालगंज से नमोनारायण मिश्रा , आरा से आशीष कुमार की रिपोर्ट