Bihar Scientists: बिहार के वैज्ञानिकों का कमाल! आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के गार्नेट नैनोमैटेरियल्स पर हार्वर्ड की नजर, NASA से जुड़ी लैब के डेटाबेस में मिली जगह
Bihar Scientists: आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर में तैयार किए गए गार्नेट नैनोमैटेरियल्स पर हुए शोध को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की ADS लैब के रिसर्च डेटाबेस में जगह मिली है।
Bihar Scientists: बिहार के लिए गर्व करने वाली खबर है! अब तक जिस गार्नेट को लोग महज एक खूबसूरत रत्न और आभूषणों की दुनिया से जोड़कर देखते थे, उसी गार्नेट ने बिहार के वैज्ञानिकों की प्रयोगशाला से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में अपनी पहचान बना ली है। आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर में तैयार किए गए गार्नेट नैनोमैटेरियल्स पर हुए शोध को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की ADS लैब के रिसर्च डेटाबेस में जगह मिली है। यह लैब नासा से भी जुड़ी बताई गई है। सीमित संसाधनों के बीच बिहार में हुआ यह मौलिक शोध अब दुनिया के वैज्ञानिक समुदाय का ध्यान खींच रहा है।
इस काम की शुरुआत करीब तीन साल पहले एक एमटेक छात्र अमित कुमार के प्रोजेक्ट से हुई थी। उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि एक अकादमिक प्रोजेक्ट आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करेगा। नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर के प्रमुख और शोध निर्देशक वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ इस पर काम शुरू किया। करीब दो वर्षों तक तैयार नैनोमैटेरियल्स का बारीकी से अध्ययन किया गया। इसी अध्ययन में वैज्ञानिकों को ऐसे गुण मिले, जिन्होंने इस शोध को खास बना दिया।
वैज्ञानिकों ने पाया कि नैनो स्तर पर तैयार गार्नेट मैटेरियल ब्लू लाइट यानी नीली रोशनी उत्सर्जित करता है। इतना ही नहीं, इसमें सॉफ्ट मैग्नेटिक गुण भी देखने को मिले। डॉ. राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, नीली रोशनी उत्सर्जित करने की क्षमता भविष्य में ऑप्टो-इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों और एलईडी तकनीक के विकास में उपयोगी साबित हो सकती है। वहीं, इसके चुंबकीय गुण मैग्नेटिक नैनोमैटेरियल्स के क्षेत्र में नए शोध की संभावनाएं खोलते हैं।इस खोज की सबसे दिलचस्प बात यह है कि सामान्य आकार वाले गार्नेट में ये गुण नहीं पाए जाते। यानी पदार्थ को नैनो स्तर पर लाने से उसके व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। यही नैनोटेक्नोलॉजी की असली ताकत है, जहां किसी सामान्य पदार्थ के भीतर छिपी नई संभावनाओं को वैज्ञानिक खोज के जरिए सामने लाया जाता है।
इस शोध को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल 'डिस्कवर मैटेरियल्स' में प्रकाशन के लिए स्वीकार किया गया और प्रकाशित भी किया गया। यह स्प्रिंगर नेचर से प्रकाशित स्कोपस इंडेक्स्ड जर्नल है। इसके बाद शोध को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की ADS लैब के डेटाबेस में भी सूचीबद्ध किया गया। इससे बिहार में हुए इस वैज्ञानिक अध्ययन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
डॉ. राकेश कुमार सिंह का मानना है कि शोध की असली सफलता केवल कोई उत्पाद तैयार करना नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीकों के लिए नई वैज्ञानिक जमीन तैयार करना है। इस अध्ययन से एलईडी, ऑप्टो-इलेक्ट्रॉनिक्स और चुंबकीय नैनोमैटेरियल्स के क्षेत्र में आगे काम करने की संभावनाएं बनती हैं।
इस शोध में अमित कुमार के अलावा AKU के डॉ. अभय कुमार अमन, डॉ. विभूति विक्रमादित्य और एमटेक छात्र निशांत कुमार ने योगदान दिया। मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार कर्नल कामेश कुमार भी तकनीकी विमर्श और शोध में शामिल रहे।
डॉ. सिंह ने इस उपलब्धि के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल और AKU के संस्थापक कुलपति प्रोफेसर एसएन गुहा की दूरदर्शी सोच को भी अहम बताया। यह सफलता बिहार के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में कुछ नया करने का सपना देखते हैं। संदेश साफ है—प्रतिभा को सही अवसर और शोध का माहौल मिले तो बिहार की प्रयोगशालाओं से निकली खोज भी दुनिया के बड़े वैज्ञानिक मंचों तक पहुंच सकती है।