Bihar Pharmacist Recruitment: बिहार के बेरोजगारों के लिए खुशखबरी, 45 हजार फार्मासिस्टों की होगी बहाली
Bihar Pharmacist Recruitment:बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार देने और दवा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा खाका तैयार किया है।...
Bihar Pharmacist Recruitment:बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार देने और दवा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा खाका तैयार किया है। प्रदेश में जल्द ही 45 हजार फार्मासिस्टों और ड्रग इंस्पेक्टरों की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही बिहार में फार्मा पार्क विकसित करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है। सरकार देश-विदेश की दवा कंपनियों को बिहार में निवेश और उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करेगी। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
बुधवार को पटना के बापू सभागार में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में इन योजनाओं की जानकारी सामने आई। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस समारोह में देशभर से सैकड़ों फार्मासिस्ट, शिक्षाविद्, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में फार्मेसी शिक्षा को मौजूदा जरूरतों और बदलते चिकित्सा क्षेत्र के अनुरूप बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर भारतीय फार्मेसी शिक्षा के जनक माने जाने वाले प्रो. महादेव लाल श्राफ की 125वीं जयंती पर उनके योगदान को याद किया गया। समारोह का उद्घाटन राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल और बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के कुलपति डॉ. बिन्दे कुमार समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
मौके पर मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने एंटीबायोटिक दवाओं के बेतहाशा और गलत इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दवाओं का अनावश्यक सेवन एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस का खतरा बढ़ा रहा है। ऐसी स्थिति में संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया और दूसरे रोगाणुओं पर दवाओं का असर कम होने लगता है। उन्होंने दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी को अहम बताया।