Bihar Land Survey: बिहार में भूमि सर्वे पर सरकार का सख्त पहरा, हर दिन होगी निगरानी, अफसरों में इस कारण मचा हड़कंप

Bihar Land Survey: बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण को लेकर राज्य सरकार ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। ..

Bihar Land Survey
बिहार में भूमि सर्वे पर सरकार का सख्त पहरा- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Land Survey:  बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण को लेकर राज्य सरकार ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जमीन के सर्वे और बंदोबस्त कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने साफ कर दिया है कि अब इस पूरी कवायद की हर महीने समीक्षा होगी, जबकि राज्य मुख्यालय से प्रतिदिन कामकाज की निगरानी की जाएगी। जिलों को अपनी दैनिक प्रगति रिपोर्ट सौंपनी होगी। निर्धारित लक्ष्य से पीछे रहने वाले जिलों के संबंधित अधिकारियों को जवाब देना पड़ेगा। इस फैसले के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में हलचल तेज हो गई है।

बुधवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि भूमि सर्वेक्षण और बंदोबस्त का काम तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण की प्रगति का आकलन केवल कुल उपलब्धि के आंकड़ों से नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक महीने के निर्धारित लक्ष्य और उसके मुकाबले हासिल की गई कामयाबी की समीक्षा की जाएगी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिलेवार प्रगति पर पैनी नजर रखी जाए। इससे यह पता चल सकेगा कि कौन-सा जिला निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक काम कर रहा है और कहां सुस्ती या लापरवाही बरती जा रही है। सर्वे निदेशालय में तैनात नोडल पदाधिकारियों को भी अपने-अपने आवंटित जिलों की रोजाना समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार की इस नई व्यवस्था का मकसद सर्वेक्षण कार्य में पारदर्शिता बढ़ाना, लंबित मामलों का निपटारा तेज करना और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। दैनिक रिपोर्टिंग से मुख्यालय को जमीनी स्तर पर चल रहे कामकाज की वास्तविक स्थिति का पता चलता रहेगा।

बैठक में विभाग के सचिव जय सिंह, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत, सचिव सीमा त्रिपाठी, सहायक निदेशक सुबोध कुमार और विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सरकार के इस निर्देश के बाद अब जिलों में भूमि सर्वेक्षण की रफ्तार और अधिकारियों के कामकाज पर लगातार नजर रखी जाएगी।