Bihar Teacher News: शिक्षकों के लिए जरूरी खबर! 48 घंटे के भीतर करना होगा यह काम, नहीं तो होगी कार्रवाई

Bihar Teacher News: जनगणना 2027 में लगे शिक्षकों को 48 घंटे के अंदर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रतिनियुक्ति आदेश अपलोड करना होगा।

Bihar Teacher News
शिक्षकों के लिए जरूरी खबर- फोटो : social media

Bihar Teacher News: जनगणना 2027 के काम में लगाए गए शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है। अब जनगणना कार्य में लगे सभी शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपना प्रतिनियुक्ति आदेश अपलोड करना होगा। ऐसा करने के बाद ही उन्हें स्कूल के काम में राहत और अन्य सहूलियत दी जाएगी।

इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर ने सभी जिला अधिकारियों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा है कि जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इन्हें प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।

कितने शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगाया गया

शिक्षा विभाग के मुताबिक अभी तक यह पूरी जानकारी विभाग के पास उपलब्ध नहीं है कि कितने शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगाया गया है। इसी वजह से ऐसे शिक्षकों को स्कूल के काम से राहत देने में परेशानी हो रही है।इसी समस्या को देखते हुए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर एक नया फीचर शुरू किया गया है। इसके जरिए शिक्षक खुद अपनी जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने कहा है कि सभी संबंधित शिक्षक अपनी लॉगिन आईडी से पोर्टल में लॉगिन करें और अपनी प्रतिनियुक्ति की जानकारी दर्ज करें।

शिक्षक को क्या करना होगा?

इसके लिए सबसे पहले शिक्षक को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद टीचर मॉड्यूल का चयन करना होगा। वहां जनगणना कार्य के लिए प्रतिनियुक्त नाम का लिंक दिखाई देगा। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद स्क्रीन पर दो विकल्प दिखाई देंगेगिनने वाले और देखने वाले। शिक्षक को अपनी ड्यूटी के अनुसार किसी एक विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद उन्हें जनगणना कार्य से संबंधित प्रतिनियुक्ति आदेश की कॉपी अपलोड करनी होगी और फिर सबमिट बटन पर क्लिक करना होगा। शिक्षा विभाग ने बताया है कि शिक्षक द्वारा जानकारी अपलोड करने के बाद संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी यानी बीईओ उसे कन्फर्म करेंगे। इसके बाद जिला पदाधिकारी उस जानकारी को वेरीफाई करेंगे।

राहत मिलने में परेशानी हो सकती है

विभाग ने साफ कहा है कि सिर्फ उन्हीं शिक्षकों को जनगणना कार्य के लिए सहूलियत दी जाएगी, जिनकी जानकारी जिला पदाधिकारी द्वारा सत्यापित होगी। इसलिए सभी शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को 48 घंटे के अंदर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। अगर कोई शिक्षक तय समय के भीतर जानकारी अपलोड नहीं करता है तो उसे जनगणना कार्य से जुड़ी राहत मिलने में परेशानी हो सकती है।