Bihar Road Project: पटना से सासाराम 2 घंटे, बेतिया 3 घंटे! बिहार में बन रहा सड़कों का ऐसा नेटवर्क, बदल जाएगी कनेक्टिविटी, हो रहा 4 मेगा प्रोजेक्ट्स पर काम

Bihar Road Project: राजधानी पटना से सासाराम, बेतिया और मुंगेर जैसे शहरों का सफर आसान और तेज होगा। कई मार्गों पर वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, जबकि जाम और ट्रैफिक दबाव से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Bihar Road Project
पटना से चारों दिशाओं में दौड़ेगी रफ्तार!- फोटो : social Media

Bihar Road Project: बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को रफ्तार देने के लिए अक्टूबर से करीब 20 हजार करोड़ रुपये की चार बड़ी सड़क परियोजनाओं पर काम शुरू होने की तैयारी है। इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने के बाद राजधानी पटना से सासाराम, बेतिया और मुंगेर जैसे शहरों का सफर आसान और तेज होगा। कई मार्गों पर वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, जबकि जाम और ट्रैफिक दबाव से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

सबसे अहम परियोजनाओं में पटना-आरा-सासाराम ग्रीनफील्ड हाईवे शामिल है। 120.10 किलोमीटर लंबे इस हाईवे के निर्माण पर करीब 3712 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बनने के बाद पटना से सासाराम की यात्रा का समय लगभग आधा होने का दावा है। हाईवे 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार के लिहाज से विकसित किया जा रहा है। यह पटना, भोजपुर और रोहतास को जोड़ेगा तथा कई प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों से कनेक्टिविटी देगा। आरा शहर में भारी वाहनों का दबाव भी बाइपास के जरिए कम होने की उम्मीद है।

पटना-मानिकपुर-अरेराज-बेतिया फोरलेन भी बड़ा प्रोजेक्ट है। 163.68 किलोमीटर लंबी सड़क पर करीब 5996 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे पटना से बेतिया की दूरी 205 से घटकर करीब 163 किलोमीटर रह जाएगी और यात्रा का समय पांच घंटे से घटकर करीब तीन घंटे होने की उम्मीद है। इसके अलग-अलग पैकेज पर काम चल रहा है, जबकि साहेबगंज से अरेराज-बेतिया वाले हिस्से पर बरसात के बाद काम शुरू होगा।

कन्हौली-शेरपुर सिक्सलेन 9 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी लागत करीब 778 करोड़ रुपये है। इसका सीधा जुड़ाव बिहटा-दानापुर एलिवेटेड रोड से होगा, जिससे पश्चिमी पटना और बिहटा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

वहीं मोकामा-मुंगेर फोरलेन 82.4 किलोमीटर लंबा होगा। 4447 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से पटना-मुंगेर यात्रा तीन घंटे से कम में पूरी होने की उम्मीद है। टाल क्षेत्र में बाढ़ के कारण काम प्रभावित हुआ है, इसलिए पानी उतरने और मिट्टी सूखने के बाद निर्माण शुरू होगा।

2026 के अंत से मार्च 2027 तक करीब 8 हजार करोड़ रुपये की अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी काम शुरू होने की तैयारी है, जिनमें खगड़िया-पूर्णिया, मुजफ्फरपुर-सोनबरसा और मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन शामिल हैं। इन सड़कों से उत्तर, पूर्वी और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिलेगा।