Bihar Crime: झपट्टा गैंग का खाकी ने किया सफाया, रोहतास-कैमूर तक था आतंक

Bihar Crime: झपट्टा मारकर पर्स और मोबाइल छीनने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।...

Kaimur Kudra Snatching Gang Busted
झपट्टा गैंग का सफाया- फोटो : reporter

Bihar Crime:   झपट्टा मारकर पर्स और मोबाइल छीनने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुदरा थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सड़क पर निकलने वाले लोगों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर बाइक से झपट्टा मारते थे और मौका मिलते ही पर्स व मोबाइल लेकर फरार हो जाते थे। गिरोह के आतंक से कुदरा इलाके के लोग परेशान थे।

पुलिस के अनुसार, बीते 18 और 22 सितंबर को कुदरा थाना क्षेत्र में झपटमारी की दो अलग-अलग वारदात हुई थी। इन घटनाओं में बाइक सवार लोगों और टेंपो से जा रही महिला से झपट्टा मारकर पर्स और मोबाइल फोन छीन लिए गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की।

मामले का खुलासा मोहनिया के प्रभारी डीएसपी दयानंद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शफक अब्बास, पिता आले हसन, ग्राम पखनारी, थाना शिवसागर, रोहतास; हरे राम कुमार, पिता कलिंदर सिंह, ग्राम समहोता, थाना शिवसागर, रोहतास; और अरुण कुमार उर्फ कारण, पिता अर्जुन पासवान, ग्राम रिझाई, थाना शिवसागर, रोहतास के रूप में हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और पर्स बरामद किए हैं। फिलहाल तीनों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले हुई झपटमारी और छिनतई की घटनाओं में कोई कनेक्शन है या नहीं। पुलिस की कार्रवाई के बाद कुदरा समेत आसपास के इलाकों में झपटमारी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- देव तिवारी