बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया पर्यटन विभाग, मुख्यमंत्री को सौंपा 1 करोड़ का चेक
बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम की ओर से आपदा की इस घड़ी में राहत कार्यों को गति देने के लिए 1 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान के रूप में प्रदान किया गया है। यह राशि बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने और उनके पुनर्वास में सहायक सिद्ध होगी।
'संकल्प' सभागार में मुख्यमंत्री को सौंपा गया चेक
यह चेक लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया। आपदा की स्थिति में सरकारी उपक्रमों और विभागों की ओर से मिल रहा यह सहयोग प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों को और मजबूती प्रदान करेगा, जिससे पीड़ित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार, राशि के महत्व पर दिया जोर
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने इस सामाजिक एवं मानवीय पहल के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा एवं कठिन परिस्थितियों के समय यह राशि अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस सहयोग राशि का उपयोग राज्य के बाढ़ प्रभावित एवं संकटग्रस्त लोगों तक सीधे राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय मंत्री एवं उच्चाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पर्यटन विभाग और प्रशासन के कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे। चेक सौंपने के दौरान पर्यटन मंत्री श्री केदार गुप्ता, पर्यटन सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह तथा बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक (MD) श्री नंद किशोर विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने राज्य में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पटना से पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट