सड़क हादसों पर लगाम कसने की तैयारी: 20 अक्टूबर तक चलेगा स्पेशल ड्राइव, हेलमेट-सीटबेल्ट पर विशेष जोर
बिहार में सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, 20 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान,जिलों में परिवहन विभाग के इंर्फोसमेंट टीम द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में 10 दिनों में काटे गये 16 हजार से अधिक ई-चालान
बिहार में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा एक विशेष प्रवर्तन अभियान की शुरुआत की गई है। यह विशेष ड्राइव राज्यभर में 20 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग न करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, और अन्य गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। सभी जिलों में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), अपर जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO), मोटरयान निरीक्षक (MVI), और प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) इस अभियान का संचालन कर रहे हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई उच्चस्तरीय समीक्षा
परिवहन सचिव श्री राज कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस स्पेशल ड्राइव की मंगलवार को राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन ने उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारियों, एडीटीओ, एमवीआई और ईएसआई के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी जिलों में प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक तेज करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया।

प्रमुख चौराहों और चेक पोस्टों पर जांच अभियान तेज
राज्य परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि प्रमुख चौक-चौराहों और चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाया जाए। तय किए गए लक्ष्यों के अनुरूप नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्ती से ई-चालान काटे जाएं। इसके साथ ही, उन्होंने सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को इस अभियान की हर दिन समीक्षा करने और कार्रवाई की प्रगति पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया है ताकि नियमों की अनदेखी करने वालों में कानून का डर बना रहे।
10 दिनों में 16 हजार से अधिक ई-चालान और 15.5 करोड़ का जुर्माना
चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पिछले महज दस दिनों के भीतर विभिन्न जिलों में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर 16 हजार से अधिक ई-चालान जारी किए गए हैं। इन मामलों में लगभग 15.5 करोड़ रुपये की जुर्माना राशि निर्धारित की गई है। विभाग का यह सख्त रुख साफ दिखाता है कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
लापरवाह अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही और जनता से अपील
परिवहन आयुक्त श्री आरिफ अहसन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो अधिकारी इस अभियान के दौरान तय लक्ष्यों के अनुसार काम नहीं करेंगे और जिनका प्रदर्शन खराब रहेगा, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। अंत में, परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय खुद और पीछे बैठने वाले के लिए हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का इस्तेमाल करें और नाबालिगों को गाड़ी बिल्कुल न चलाने दें। सुरक्षित यातायात से ही बहुमूल्य जीवन की रक्षा संभव है।
पटना से पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट