Vaibhav Suryavanshi : 15 साल के हुए बिहार के लाल 'वैभव सूर्यवंशी', इंटरनेशनल क्रिकेट में आने से पहले ही दर्ज हुआ सबसे बड़ा रिकॉर्ड, सबको पीछे छोड़ा

Vaibhav Suryavanshi : क्रिकेटिंग टैलेंट वैभव सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दहलीज पर खड़े हैं। रिकॉर्डतोड़ पारियों और धमाकेदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए युवा खिलाड़ी 27 मार्च यानी आज अपनी 15वां जन्मदिन मना रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी
15 साल के हुए वैभव सूर्यवंशी - फोटो : social media

Vaibhav Suryavanshi : बिहार के लाल और भारतीय क्रिकेट टीम के नए स्टार वैभव सूर्यवंशी आज अपना 15वां जन्मदिन मना रहे हैं। बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में ही दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। 27 मार्च 2026 को अपना 15वां जन्मदिन मना रहे वैभव के लिए अब इंटरनेशनल क्रिकेट के दरवाजे आधिकारिक तौर पर खुल गए हैं।

15 साल के हुए वैभव 

दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के नियमों के अनुसार किसी भी खिलाड़ी को सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए कम से कम 15 वर्ष का होना जरूरी है। ऐसे में अब बीसीसीआई भी वैभव को सीनियर टीम में शामिल करने के लिए स्वतंत्र हो गया है। हाल ही में वैभव ने अपने नाम कई रिकॉर्ड किए हैं। फिलहाल वैभव आईपीएल में खेलने वाले हैं। 

अंडर-19 वर्ल्ड कप में धमाका

वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया। हरारे में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। पूरे टूर्नामेंट में 439 रन बनाने वाले वैभव को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। हालांकि, बीसीसीआई के नए नियम के मुताबिक अब वह दोबारा अंडर-19 वर्ल्ड कप नहीं खेल सकेंगे, जिससे उनका अगला लक्ष्य सीधे टीम इंडिया बन गया है।

आईपीएल में रिकॉर्ड्स की झड़ी

आईपीएल में भी वैभव का प्रदर्शन किसी चमत्कार से कम नहीं रहा। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें महज 13 साल की उम्र में 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 38 गेंदों में 101 रन बनाकर टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने पहले ही मैच की पहली गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।

घरेलू क्रिकेट में भी जलवा

वैभव ने मात्र 12 साल 284 दिन की उम्र में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए। घरेलू टूर्नामेंट में उनके नाम नाबाद 332 रन (तिहरा शतक) भी दर्ज है, जो उनकी प्रतिभा को दर्शाता है।

क्या टूटेगा सचिन का रिकॉर्ड?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वैभव सूर्यवंशी ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। अगर वैभव अगले एक साल के भीतर टीम इंडिया के लिए डेब्यू करते हैं, तो वह यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। फिलहाल, पूरे देश की नजरें इस युवा प्रतिभा पर टिकी हैं, जो आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का भविष्य बन सकता है।