Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर, 32 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी, मानसून को लेकर टेंशन वाला अपडेट

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने आज 32 जिलों के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मानसून को लेकर भी टेंशन वाला अपडेट सामने आया है।

भीषण गर्मी
32 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश भर में लू और उमस ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 32 जिलों में हीटवेव (लू) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 6 अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है। कई जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और हालात अगले 24 घंटे तक ऐसे ही बने रहने की संभावना है।

भीषण गर्मी का कहर 

मौसम विभाग के मुताबिक, गोपालगंज और पश्चिम चंपारण में आज लू चलने की आशंका है, वहीं शेष प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा। 10 जून को दक्षिण, उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम बिहार में उमस के साथ तेज गर्मी का असर रहेगा। हालांकि, पूर्वी और पश्चिम चंपारण, शिवहर और किशनगंज सहित कुछ जिलों में देर रात हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

अब तक का तापमान रिकॉर्ड

सोमवार को रोहतास और डिहरी में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया में पारा 40.6°C, पटना में 40.3°C और गोपालगंज में 41.0°C तक पहुंच गया। बक्सर, औरंगाबाद, भोजपुर, बिक्रमगंज जैसे जिलों में भी पारा 40°C से ऊपर रहा। गर्मी इतनी तेज रही कि लोग दिन भर पसीने से तरबतर रहे। वहीं रात में भी गर्मी से बेचैनी देखी जा रही है। 

देरी से आएगा मानसून 

राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। सामान्यतः 15 जून तक बिहार में मानसून की दस्तक हो जाती है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अब मानसून 17 या 18 जून को प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके पीछे कमजोर मानसून और पछुआ हवाओं का प्रभाव जिम्मेदार माना जा रहा है, जो वातावरण से नमी को हटा रहे हैं और तापमान में बढ़ोतरी कर रहे हैं।

अलर्ट पर सरकार और प्रशासन

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचने की अपील की गई है। वहीं, किसानों और निर्माण मजदूरों को भी दोपहर में काम से बचने की सलाह दी गई है।

कहां कितनी बारिश की संभावना

आज देर रात तक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि कल यानी 11 जून से बारिश में तेजी आएगी और 15 जून के आसपास पूरे बिहार में मानसून सक्रिय हो सकता है।

32 जिलों में आज 'हॉट डे' 

सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, गया, खगड़िया, जमुई, मुंगेर, बांका और भागलपुर जैसे 32 जिलों में ‘हॉट डे’ की चेतावनी जारी की गई है।