Bihar Weather: बिहार में आज कहर बरपाएगी बारिश, 37 जिलों के लिए अलर्ट जारी, रहे सावधान, जानिए कब से मिलेगी राहत?
Bihar Weather: बिहार में आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने 37 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग की मानें तो 21 सितंबर के बाद राहत मिल सकती है।

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का कहर जारी है। कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। लगातार बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बीते दिन भी वाल्मीकिनगर, वैशाली, बेगूसराय और खगड़िया समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। खासकर सीमांचल के जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गुरुवार को कहर बरपाएगी बारिश
मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और खगड़िया में मूसलाधार बारिश की संभावना है। उत्तर बिहार के सभी जिलों में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में भी भारी बारिश होने की संभावना है। भभुआ, पटना और लखीसराय समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आंधी और ठनका गिरने की आशंका को देखते हुए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति अगले एक से दो दिनों तक बनी रह सकती है। 21 सितंबर से मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई गई है।
क्यों सक्रिय है मानसून?
पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला है। इसके अलावा उत्तरी झारखंड और यूपी में भी मौसमी सिस्टम सक्रिय है। यही वजह है कि मानसून अपने विकराल रूप में दिखाई दे रहा है।
राजधानी पटना में राहत और अलर्ट दोनों
पिछले 24 घंटों में सीवान, नालंदा, रक्सौल, बेतिया, समस्तीपुर, शिवहर और गोपालगंज में भारी बारिश दर्ज की गई। पटना में बुधवार को बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। जिससे गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी संभव है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।