Bihar Weather: बिहार में तापमान में लगातार वृद्धि जारी है। तेज धूप के कारण अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, 23 फरवरी को राज्य के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
22-23 फरवरी को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 22 और 23 फरवरी को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, पटना, नालंदा, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान का हाल
खगड़िया और मुंगेर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे अधिक है। पटना का अधिकतम तापमान 29.4, वैशाली का 29, मुजफ्फरपुर का 27.8, पूर्णिया का 28.8 और बक्सर का 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सहरसा के अगवानपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 17.9, गया का 13.5, औरंगाबाद का 13.8, बक्सर का 15.2, जमुई का 13.5, पूर्णिया का 14.7, दरभंगा का 13.4, वैशाली का 13.1, मुजफ्फरपुर का 16.5 और वाल्मीकिनगर का 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज के मौसम का हाल
20 फरवरी से बिहार में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जिलों में वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है। किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी से अब तक बिहार में सामान्य से 99% कम वर्षा हुई है, लेकिन आगामी दिनों में कुछ हद तक इसकी भरपाई होने की उम्मीद है।
इन जिलों में होगी बारिश
20 फरवरी को बांका और भागलपुर में बारिश की संभावना है। 22 फरवरी को उत्तर-पूर्वी जिलों (सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार), दक्षिण-मध्य जिलों (पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद) और दक्षिण-पूर्वी जिलों (भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया) में हल्की बारिश हो सकती है। 23 फरवरी को भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में वर्षा के साथ वज्रपात की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।