Bihar weather: बिहार के 24 जिलों के लिए आंधी बारिश का अलर्ट जारी, इन 6 जिलों के लोग रहे सावधान, जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट
Bihar weather: बिहार में इन दिनों लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। आज भी मौसम विभाग ने 24 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 6 जिलों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Bihar weather: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली। वहीं राजधानी पटना में आज सुबह से बादल छाए हैं। हालांकि राजधानी में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक यह बारिश का सिलसिला मई के अंत तक जारी रहेगा, लेकिन फिर एक बार फिर भीषण गर्मी की वापसी हो सकती है।
24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बिहार के 24 जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम बिहार के छह जिलों भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज आंधी और मूसलधार बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सुरक्षित रहने और घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
18 जिलों में येलो अलर्ट
इसके अलावा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, गया, खगड़िया, जमुई, मुंगेर, बांका और भागलपुर में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका है। राज्य में अधिकतम तापमान 34°C से 38°C के बीच रह सकता है।
पटना में आज बारिश की संभावना
राजधानी पटना की बात करें तो आज यानी शुक्रवार को बारिश की संभावना 80 फीसदी तक है। दिनभर बादल छाए रहेंगे और हवा की गति 11 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। सुबह 8 बजे तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं मुजफ्फरपुर में आज बारिश की संभावना 50% है। सुबह से दोपहर तक तेज बारिश हो सकती है, इसके बाद बादल और धूप की मिली-जुली स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 32°C रहेगा। पूर्णिया में बारिश की 80% संभावना जताई गई है। नमी का स्तर 90% तक पहुंच सकता है और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। अधिकतम तापमान 28°C रहेगा।