Bihar weather: बिहार के 20 जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, तेज हवाओं के साथ वज्रपात और बारिश की चेतावनी, जानिए अपने शहर का हाल...
Bihar weather: बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

Bihar weather: बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा। मौसम में हो रहे बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। सोमवार को पूर्वी बिहार और तराई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। ठंडी हवाओं के साथ मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दिन और रात में लोगों को राहत मिल रही है। रात में हल्की ठंड भी महसूस हो रही है।
3 मई तक बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग की मानें तो, आने वाले एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 3 मई तक राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जिससे लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी। आईएमडी के मुताबिक, समुद्र तल से 3.1 किमी और 9.6 किमी की ऊंचाई पर पश्चिमी हवाओं में एक गर्त बना हुआ है। इसके अलावा, औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर पूर्वोत्तर बांग्लादेश और 1.5 किमी ऊपर पूर्वोत्तर असम तथा आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे बारिश का दौर बना रहेगा।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, पटना, नालंदा, मधुबनी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा तथा दक्षिण-पूर्वी बिहार के जिलों जैसे भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, शेखपुरा, लखीसराय और खगड़िया के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने दी सर्तक रहने क सलाह
बारिश की बात करें तो भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और कहीं-कहीं हल्की धूप भी निकल सकती है। हालांकि, मौसम कभी भी अचानक बदल सकता है, तेज हवाओं के साथ घने बादल छा सकते हैं और बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
तापमान में भारी गिरावट
रविवार और सोमवार को हुई बारिश के चलते राज्यभर में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक गिरावट जिरादेई में दर्ज की गई, जहां तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फारबिसगंज और वाल्मीकिनगर में 9.8 डिग्री, जबकि बक्सर में 9.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में भी अधिकतम तापमान में 3 डिग्री से 10 डिग्री तक की गिरावट देखी गई।