बिहार में होगी झमाझम बारिश, अगले 5 दिन रहिए सतर्क!, 13 जिलों में ऑरेंज, 25 में येलो अलर्ट, भारी बारिश, तेज आंधी... जानिए किन जिलों पर है खतरा

Bihar weather: बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।

Bihar Braces for 5 Days of Rain Orange Alert in 13 Districts
बिहार में होगी झमाझम बारिश- फोटो : social Media

Bihar Weather:  बिहार में मानसून अब पूरी तरह एक्टिव मोड में आ चुका है। मौसम का मिज़ाज लगातार बिगड़ता जा रहा है। इसी को देखते हुए बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। राजधानी पटना समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि बाकी 25 जिलों में येलो अलर्ट लागू है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की पूरी आशंका है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल, अररिया समेत 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर बिहार और सीमांचल के 13 जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और कटिहार में मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान खगड़िया, समस्तीपुर, सासाराम और जमुई में झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं औरंगाबाद में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे इलाके में मातम का माहौल है। राजधानी पटना में भी दिनभर बादलों का डेरा रहा। बिहार मौसम सेवा केंद्र  का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मानसून का ज़ोर बरकरार रहेगा। रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी।

वहीं 1 से 4 जुलाई तक पटना में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे। 2 जुलाई को पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, नवादा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर समेत आसपास के इलाकों में भी मौसम के तल्ख तेवर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से बेवजह घरों से बाहर न निकलने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।