Bihar Weather:बिहार में छठ महापर्व पर मौसम रहेगा मेहरबान, 38 जिलों में कोई अलर्ट नहीं, अर्घ्य के समय कैसा रहेगा आसमान, पढ़िए

Bihar Weather: मौसम को लेकर भी लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने श्रद्धालुओं को राहत दी है।

Bihar Weather:बिहार में  छठ महापर्व पर मौसम रहेगा मेहरबान, 3
छठ महापर्व पर मौसम रहेगा मेहरबान- फोटो : X

Bihar Weather: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ का शुभारंभ शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो गया है। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण है। व्रती और श्रद्धालु सूर्य उपासना की तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच मौसम को लेकर भी लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने श्रद्धालुओं को राहत दी है। विभाग के अनुसार, छठ के दौरान प्रदेश में मौसम का मिजाज अनुकूल रहने की संभावना है और बारिश की कोई आशंका नहीं है।

शुक्रवार को बिहार के सभी 38 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि, सूर्योदय के बाद कोहरे का प्रभाव कम होगा और आसमान साफ होने के साथ धूप निकलेगी। दिन में मौसम सुहावना रहेगा, जबकि शाम और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी। मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है। प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में किसी बडे बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान आगामी चार से पांच दिनों तक लगभग स्थिर रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन से चार दिनों तक विशेष उतार-चढाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि, सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है।

छठ के दौरान मौसम की सबसे अहम परीक्षा संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के समय होती है। पूर्वानुमान के अनुसार, 15 नवंबर को डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान भी मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। इससे घाटों पर पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

हालांकि, सुबह के अर्घ्य के समय हल्की ठंड और कोहरे को देखते हुए व्रतियों तथा श्रद्धालुओं को गर्म कपडे पहनकर घाटों पर जाने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर मौसम का अनुकूल रुख छठ की तैयारियों के लिए राहत भरा है।