बिहार पर मौसम का कहर, पटना समेत 21 जिलों में येलो अलर्ट, तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिज़ाज इन दिनों लगातार तल्ख होता जा रहा है।...

Bihar Weather Fury Yellow Alert in 21 Districts Patna Storm
बिहार पर मौसम का कहर- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिज़ाज इन दिनों लगातार तल्ख होता जा रहा है। कई इलाकों में बीते कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है और अब मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर लोगों को एहतियात बरतने का इशारा कर दिया है। आसमान में बादलों की घेराबंदी के बीच मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक शनिवार को बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, पटना, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और बांका में बारिश की संभावना है। इन जिलों में बारिश के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है। मौसम के इस बदले तेवर के दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश की दस्तक बनी रहेगी, जबकि मध्य और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। राजधानी पटना में भी आसमान बादलों से ढका रहेगा और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में पटना और बेगूसराय समेत पांच जिलों में बारिश दर्ज की गई। पटना में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 अगस्त तक पटना में बादलों का डेरा रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं 11 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

हालांकि पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत राज्य के बाकी हिस्सों में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मगर 21 जिलों में जारी येलो अलर्ट ने साफ कर दिया है कि बिहार के आसमान पर अभी मौसम की तल्खी खत्म नहीं हुई है।