Bihar Weather: बिहार मौसम का तांडव, कहीं झुलसाती लू का कहर तो कहीं बादलों की गरज-चमक, इन जिलों के लिए हीटवेव और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Bihar Weather:बिहार में अप्रैल का महीना इस बार मानो आग बरसा रहा है, जहां एक तरफ सूरज की तपिश और तपती लपटें लोगों को झुलसा रही हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में बादल, बिजली और तेज हवाओं का शोर सुनाई दे रहा है।

Bihar Weather
बिहार में मौसम का पल-पल बदलता मिज़ाज- फोटो : X

Bihar Weather:बिहार में अप्रैल का महीना इस बार मानो आग बरसा रहा है, जहां एक तरफ सूरज की तपिश और तपती लपटें लोगों को झुलसा रही हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में बादल, बिजली और तेज हवाओं का शोर सुनाई दे रहा है। मौसम का यह अजब-गजब मिज़ाज पूरे राज्य को दो हिस्सों में बांटता नजर आ रहा है।

राजधानी पटना समेत गया और भभुआ(कैमूर) जैसे दक्षिणी इलाकों में आसमान पूरी तरह साफ है और धूप की तल्खी अपने चरम पर है। यहां लू जैसी हालत बन गई है और तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अंदेशा है। कैमूर में पहले ही 41.9 डिग्री सेल्सियस  दर्ज किया जा चुका है, जिससे सड़कें धधकती हुई महसूस हो रही हैं।

वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों जैसेसुपौल, अररिया और किशनगंज में बदरा मेहरबान हैं। यहां हल्की बारिश, गरज-चमक और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज पछुआ हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने और मेघ गर्जन की आशंका ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।

उत्तर-पश्चिम बिहार के इलाकों जैसे  पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सिवान में भी आने वाले दिनों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस  तक चढ़ सकता है, जिससे लू का कहर और तीखा होने वाला है।

मौसम विभाग का साफ इशारा है कि अगले 3–4 दिनों तक बारिश का असर घटेगा और राज्य में शुष्क गर्म हवा का राज रहेगा। रातें भी अब ठंडी नहीं रहीं 24  डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस  के बीच तापमान बना हुआ है, जिससे गर्मी का आतंक चौबीसों घंटे महसूस हो रहा है।

विशेषज्ञों की चेतावनी है कि लोग दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं और तेज हवा या वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। बिहार का मौसम इस समय कभी आग, कभी पानी की कहानी सुना रहा है जहां हर पल बदलता मिज़ाज लोगों को हैरान कर रहा है।