Bihar Weather: मार्च में बढ़ने लगी गर्मी, 37 डिग्री के पार हुआ पारा, लोगों का अब हाल होगा बेहाल

Bihar Weather: बिहार में गर्मी का तेवर बढ़ने लगा है। पारा 37 डिग्री के पार हो गया है। बढ़ती गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है।

गर्मी
heat started increasing in March- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  मार्च के शुरुआती दिनों में मौसम सुहावना बना हुआ था। बारिश के चलते गर्मी का असर कम था, लेकिन अब तापमान में तेजी से वृद्धि होने लगी है। दिनभर आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की वजह से लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। दोपहर में चटक धूप के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

आगामी दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के बाकी दिनों में आसमान साफ रहेगा। बादलों की अनुपस्थिति और सूरज की तीखी किरणों के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। अगर ऐसा हुआ, तो बिहार का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।

NIHER

शुष्क बना हुआ है मौसम

मौसम विभाग की मानें तो, पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी क्षोभमंडल स्तर पर गर्त के रूप में स्थित है। इसके अलावा, मध्य पाकिस्तान में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर केरल तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में वृद्धि हो रही है। आगामी दिनों में मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

Nsmch

26 मार्च का मौसम पूर्वानुमान

आज यानी 26 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। हल्की पछुआ हवा भी चल सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 32°C से 38°C के बीच रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20°C से 22°C के बीच रह सकता है। अगले 2-3 दिनों में तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि का अनुमान है।

25 मार्च के तापमान का आंकड़ा

25 मार्च को आसमान साफ रहने की वजह से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस दिन बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.7°C बक्सर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15°C पूसा में दर्ज हुआ।

Editor's Picks