Bihar Weather: बिहार में मौसम का कहर, आज जमकर होगी बारिश, आंधी-पानी का हाई अलर्ट, पटना में गिरी बिजली, दो की मौत

Bihar Weather: चिलचिलाती गर्मी के बीच बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आसमान में छाई काली घटाओं के साथ आई तेज आंधी और ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पटना के तापमान में 9 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है।

बारिश
आज भारी बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में अचानक मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कुदरत के इस कहर की चपेट में आने से अब तक दो लोगों की दर्दनाक मौत की खबर है। प्रदेश  के पटना, बेतिया, मोतिहारी, जमुई, औरंगाबाद, बगहा, मुजफ्फरपुर, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, नालंदा और खगड़िया सहित करीब 15 शहरों में आंधी-बारिश दर्ज की गई। वहीं बगहा, मोतिहारी, बेगूसराय, खगड़िया और मुजफ्फरपुर में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

आंधी बारिश का अलर्ट 

देर रात कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। पटना के बाढ़ इलाके में ताड़ के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से आग लग गई, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं गया जिले के वजीरगंज और डुमरिया में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वजीरगंज के कोल्हना गांव निवासी मनोज सिंह (50) और डुमरिया के छकरबंधा थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र यादव (55) के रूप में हुई है।

रेड अलर्ट जारी 

मौसम विभाग ने स्थिति को गंभीर मानते हुए दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कटिहार, किशनगंज और अररिया में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तेज बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

22 मार्च से सुधरेगा मौसम 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय ट्रफ लाइन मुख्य कारण हैं। दिन में बढ़ती गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है, जिससे आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह जहां मौसम सामान्य और धूप वाला रहा, वहीं शाम होते-होते तेज आंधी और बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। कैमूर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 18 डिग्री सेल्सियस के साथ राजगीर सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 21 मार्च को राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। हालांकि 22 मार्च के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।