Bihar Weather: बिहार में मौसम ने ली करवट! तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट, 31 जनवरी को घने कोहरे की संभावना

Bihar Weather: बिहार में बीते 24 घंटे मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 31 जनवरी को घने कोहरे और आने वाले दिनों में तापमान बदलाव का पूर्वानुमान।

Bihar Weather
बिहार में गिर गया पारा!- फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते एक दिन में बिहार का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस से 26.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक तापमान सुपौल में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पश्चिमी और दक्षिणी मध्य बिहार में ठंड बढ़ी

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पश्चिमी बिहार और दक्षिणी मध्य बिहार के इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि राज्य के अन्य हिस्सों में दिन के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान की बात करें तो भागलपुर के सबौर में सबसे कम 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे बिहार में न्यूनतम तापमान 10.0 से 15.1 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

गया में कोहरे का असर, विजिबिलिटी घटी

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन कोहरे का असर कुछ जगहों पर साफ नजर आया। गया में सबसे कम 300 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा 2 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। वहीं 5 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इन मौसमी सिस्टमों का असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है।

आगे कैसा रहेगा बिहार का मौसम

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में बिहार के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

31 जनवरी को घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 31 जनवरी को बिहार के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य जिलों में एक या दो स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।