Bihar Weather: बिहार में होगी तूफानी बारिश, इन 11 जिलों के लिए आंधी-वज्रपात का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में मानसून ने एक बार फिर मौसम का तल्ख रुप दिखने वाला है। बुधवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।...
Bihar Weather: बिहार में मानसून ने एक बार फिर मौसम का तल्ख रुप दिखने वाला है। बुधवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। आसमान में घने बादलों की और तेज हवाओं की दस्तक के बीच लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
भारी बारिश के संभावित जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, अरवल, रोहतास और औरंगाबाद शामिल हैं। इन जिलों में तेज बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यानी मौसम का मिजाज कभी भी अचानक पलटकर मुश्किल खड़ी कर सकता है।राजधानी पटना भी इस मौसमसे अछूती नहीं रहने वाली है। यहां दिनभर काले बादलों का डेरा रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
20 अगस्त को पटना, नालंदा, गया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, आरा और बक्सर में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली यानी वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
21 अगस्त को बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आंधी-तूफान और बिजली चमकने का खतरा रहेगा, हालांकि भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। लेकिन 22 और 23 अगस्त को कई जिलों में बहुत भारी बारिश की ‘रेड फाइल’ खुल सकती है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक 20 से 25 अगस्त के बीच पूरे बिहार में मानसून सक्रिय रहेगा। ऐसे में खराब मौसम को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।