बिहार पर मेहरबान मानसून, 34 जिलों में येलो, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश-आंधी और वज्रपात का खतरा
Bihar Weather: बिहार मौसम सेवा केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के 34 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि पश्चिम चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
Bihar Weather: बिहार में मानसून पूरी तरह एक्टिव मोड में है और सूबे के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के 34 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि पश्चिम चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील करते हुए गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक, फिलहाल मानसूनी ट्रफ सामान्य स्थिति के करीब बनी हुई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से भरपूर पूर्वी हवाएं लगातार बिहार की ओर बढ़ रही हैं। इसी वजह से वातावरण में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे तेजी से बादलों का गठन हो रहा है और कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे तक यही मौसमी सिस्टम सक्रिय रहेगा, जिसके चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई जगहों पर मूसलाधार बारिश भी हो सकती है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय और खगड़िया समेत कुल 36 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश से जहां किसानों और आम लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर वज्रपात का खतरा भी बढ़ गया है। सोमवार को राजधानी पटना में दिनभर बादलों का डेरा रहा और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। समस्तीपुर, सुपौल और मुजफ्फरपुर में भी अच्छी बारिश हुई। हालांकि आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया, जिसमें बांका में दो, समस्तीपुर में दो और खगड़िया में एक किसान की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
राजधानी पटना में मंगलवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं 5 अगस्त को किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और मधुबनी में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पटना, नालंदा, गया, भोजपुर, बक्सर और रोहतास समेत अन्य जिलों में छिटपुट बारिश और बादलों का डेरा बना रहेगा। 6 अगस्त को भी बिहार के कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।