बिहार में कुदरत की मेहरबानी,एक ही दिन में बरसा तीन गुना पानी, आज भी पटना समेत 22 जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट
Bihar weather: बिहार में पिछले कई दिनों से जारी चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम से परेशान लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है।
Bihar weather: बिहार में पिछले कई दिनों से जारी चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम से परेशान लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। राज्य में मौसम के बदले मिजाज के बाद पटना समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। इस झमाझम बारिश ने न सिर्फ गर्मी के पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, बल्कि आम जनजीवन को भीषण उमस से भी निजात दिलाई है। मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, बादलों ने महज एक ही दिन में तीन दिनों के बराबर पानी बरसा दिया है। इस मानसूनी बारिश से सबसे बड़ी खुशी किसानों के चेहरे पर लौटी है, जो लंबे समय से धान की रोपनी के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे थे।
मौसम विभाग ने आज यानी 12 जुलाई को भी राज्य के एक बड़े हिस्से में मौसम खराब रहने की गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। राजधानी पटना, गया, गोपालगंज, नालंदा, लखीसराय, अरवल, और पूर्वी व पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है।रोहतास, नवादा, भोजपुर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और खगड़िया जिलों में वज्रपात (बिजली गिरने) और तेज गरज-चमक को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सीमांचल और उत्तर बिहार के मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में स्थिति अधिक संवेदनशील हो सकती है। यहां भारी बारिश के साथ-साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा, सुपौल में भी एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा संभावित है।मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।