Bihar weather: बिहार के 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पटना में बादलों का डेरा, 3 मई से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

Bihar weather:बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार के आसमान में अस्थिरता पैदा कर रहा है। इसी के चलते कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है।

Bihar weather Storm alert in 33 Bihar districts Patna cloudy
33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar weather: बिहार में पिछले कुछ दिनों से झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका था और हर तरफ गर्म हवाओं का सितम जारी था। लेकिन अब मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे  ठंडक और राहत का एहसास होने लगा है। मौसम के इस तब्दील होते मिज़ाज ने लोगों को गर्मी  से कुछ निजात दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, इस बदलाव की वजह प्री-मानसून गतिविधियों का एक्टिव होना है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार के आसमान में अस्थिरता पैदा कर रहा है। इसी के चलते कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। यही वजह है कि 3 मई तक मौसम का यह ड्रामा जारी रहने की उम्मीद है।

आने वाले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को और राहत मिलेगी। हालांकि, इसके बाद अगले 48 घंटों में तापमान फिर 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने की आशंका जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रातें थोड़ी उमस भरी हो सकती हैं।

दिलचस्प बात यह है कि मौसम में बदलाव के बावजूद कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। गया में 33.2 और राजगीर में 33.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। हालांकि ये आंकड़े पहले के मुकाबले कम हैं, लेकिन गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

राजधानी पटना में आज बादलों का डेरा रहेगा, साथ ही हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 33 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

कुल मिलाकर, बिहार में मौसम का यह बदलता मिज़ाज राहत भी दे रहा है और हल्की परेशानी का सबब भी बन सकता है। लोगों को सलाह दी जाती है कि इस अनिश्चित मौसम में एहतियात बरतें और सतर्क रहें।