Bihar Weather: बिहार में मौसम का बदलने लगा मिजाज, दिन में धूप तो रात में बढ़ेगी ठंडक, इन इलाकों में हल्की बारिश के आसार

Bihar Weather: बिहार में मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, तो ...

Bihar Weather

Bihar Weather: बिहार में मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, तो वहीं सुबह और रात के वक्त हल्की ठंडक दस्तक देने लगी है। इस बीच उत्तर बिहार के लोगों के लिए मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान सामने आया है। अगले कुछ दिनों तक उत्तर बिहार में मौसम आमतौर पर सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन 17 और 18 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, फिलहाल राज्य के किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग की ओर से कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

17-18 अक्टूबर को हल्की बारिश के आसार

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर बिहार में आने वाले दिनों में दक्षिण-पूर्वी दिशा से पूरबा हवा चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार आठ से 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। 17 और 18 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ रहने और धूप निकलने से सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट रहा है। मौसम में होने वाले छोटे-मोटे बदलाव का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने की जरूरत है, ताकि कृषि कार्यों की योजना बनाने में सहूलियत हो सके।

दिन में धूप, रात में ठंडक; सेहत पर भी पड़ सकता है असर

मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच लोगों की सेहत को लेकर भी एहतियात बरतने की जरूरत है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से सर्दी, जुकाम, खांसी और वायरल बुखार जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।सुबह और शाम की हल्की ठंडक से बचने के लिए जरूरत के मुताबिक गर्म कपड़े पहनें। खानपान में पौष्टिक चीजों को शामिल करें और साफ-सफाई का ध्यान रखें। किसी तरह की परेशानी होने पर लापरवाही करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें।

फिलहाल मौसम विभाग की ओर से अलर्ट नहीं

बिहार में फिलहाल किसी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखना जरूरी है। कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में बिहार में मौसम सामान्य और अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर बिहार में 17 और 18 अक्टूबर को संभावित हल्की बूंदाबांदी के बीच लोगों को बदलते मौसम और सेहत, दोनों को लेकर सतर्क रहना होगा।

हीरेश कुमार