Bihar weather:बिहार के 18 जिलों में बारिश-आंधी का येलो अलर्ट, अगले 7 दिन जमकर बरसेंगे बादल, जानिए आपके जिले का हाल

Bihar weather: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और सूबे के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। ....

Bihar weather
18 जिलों में बारिश-आंधी का येलो अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और सूबे के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही लोगों को राहत का एहसास करा रही है।बिहार मौसम सेवा केंद्र का कहना है कि फिलहाल मानसूनी सिस्टम पूरी तरह कमजोर नहीं पड़ा है। फिज़ा में नमी की मात्रा काफी अधिक है, जिसकी वजह से स्थानीय स्तर पर लगातार बादल बन रहे हैं और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने शनिवार को बिहार के 18 ज़िलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों से एहतियात बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।

राजधानी पटना में भी शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि वातावरण में नमी बनी रहने से उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन बीच-बीच में होने वाली बारिश मौसम को सुहाना बनाए रखेगी।

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार समेत कई ज़िलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। वहीं अन्य ज़िलों में धूप और बादलों का खेल जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 7 अगस्त तक बिहार में मौसम का यही खुशनुमा और राहतभरा मिजाज बरकरार रहने की पूरी उम्मीद है।