Bikram Nagar Panchayat: मानसून से पहले बिक्रम नगर पंचायत की बैठक, नाला सफाई और फॉगिंग को मंजूरी
पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को सामान्य बोर्ड की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। मुख्य पार्षद मनीता कुमारी की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में आयोजित
पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को सामान्य बोर्ड की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। मुख्य पार्षद मनीता कुमारी की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक का मुख्य एजेंडा नगर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और आगामी मानसून को लेकर पूर्व तैयारियां रहा। बैठक के दौरान जल निकासी, जलजमाव से मुक्ति, फॉगिंग, सड़कों का निर्माण और शहर के सौंदर्यीकरण जैसी जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारने की रणनीति बनाई गई।
जलजमाव से निपटने के लिए नालों की सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव पर जोर
आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। कार्यपालक पदाधिकारी ने जलजमाव की संभावित समस्या से निपटने के लिए नगर क्षेत्र के सभी जाम पड़े बड़े-छोटे नालों की अविलंब उड़ाही और सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही, मानसून के दौरान मच्छरों और मौसमी बीमारियों के प्रकोप को रोकने के लिए सभी वार्डों में फॉगिंग मशीन के जरिए प्राथमिकता के आधार पर एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव कराने का फैसला भी लिया गया।

सेल्फी प्वाइंट, वार्ड कार्यालय और नल-जल समेत कई योजनाओं को मंजूरी
बैठक में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नगर के सौंदर्यीकरण के लिए कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। इसके तहत विभिन्न वार्डों में पीसीसी ढलाई, पुलिया निर्माण, हर घर नल-जल योजना की समीक्षा, नई स्ट्रीट लाइट लगाने और डस्टबीन वितरण की रूपरेखा तैयार की गई। शहर को आधुनिक लुक देने के लिए एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट के निर्माण, स्थानीय पुस्तकालय के जीर्णोद्धार और वार्ड पार्षदों की सहूलियत के लिए उनके आवासीय कार्यालयों के निर्माण को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया।
पीएम आवास योजना के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश, ये रहे उपस्थित
विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के उन लाभार्थियों के लंबित भुगतान को जल्द से जल्द जारी करने पर सहमति बनी, जिनका काम रुका हुआ था। इस महत्वपूर्ण बैठक में उप मुख्य पार्षद गुड़िया देवी, नगर स्वच्छता पदाधिकारी रोहणी रानी सहित वार्ड पार्षद रुचि शर्मा, संतोष कुमार, रेणु कुमारी, गायत्री देवी, स्मिता गुप्ता, अभिजीत कुमार, रेणु सिंह, ओम चौधरी, मोहन मोची, फुलझड़ियां देवी, ज्योति कुमारी और बैजनाथ पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नगरकर्मी संतोष कुमार, विकास मित्र राकेश कुमार और टैक्स दारोगा मंटू सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।