Biscoman New Chairman: बिस्कोमान के नए चेयरमैन विशाल सिंह ने संभाला पदभार, RJD MLC सुनील सिंह से 21 साल बाद छीना पद
Biscoman New Chairman: बिस्कोमान के नए चेयरमैन विशाल सिंह ने पदभार संभाल लिया है। वहीं 21 साल बाद बिस्कोमान में सत्ता परिवर्तन हुआ है। पिछले 21 सालों से राजद एमएलसी सुनील सिंह इस पद पर बने हुए थे।

Biscoman New Chairman: बिस्कोमान के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विशाल सिंह ने पदभार संभाल लिया है। दरअसल, बिस्कोमान के निदेशक पर्षद (मंडल) का गठन गुरुवार को कर दिया गया। इसके साथ ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष विशाल सिंह और उपाध्यक्ष महेश राय ने औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया। बिस्कोमान भवन स्थित अध्यक्ष प्रकोष्ठ में निदेशक मंडल की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कुल 12 निदेशक सदस्य उपस्थित रहे।
10 जुलाई को होगी अगली बैठक
जिलाधिकारी के निर्देश पर बिस्कोमान के एमडी लल्लू सिंह ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र सौंपा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निदेशक पर्षद की अगली बैठक 10 जुलाई को होगी। पदभार ग्रहण के बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निदेशक मंडल के सदस्य गांधी मैदान स्थित बिस्कोमान मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने बिस्कोमान के संस्थापक तपेश्वर सिंह और नवलकिशोर बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
किसानों को प्राथमिकता
अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य किसानों की सीधी पहुंच बिस्कोमान तक सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि, खाद की उपलब्धता बढ़ाने और किसानों को समय पर खाद देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। वहीं उपाध्यक्ष महेश राय ने बताया कि 10 जुलाई को निदेशक पर्षद की बैठक में पूरे साल के लिए कार्ययोजना और रणनीति तैयार की जाएगी।
21 साल अध्यक्ष रहे सुनील सिंह
बता दें कि विशाल सिंह का बिस्कोमान का चेयरमैन बनना राजद एमएलसी के लिए बड़ा झटका है। मालूम हो कि, राजद एमएलसी सुनील सिंह ने बिस्कोमान के अध्यक्ष के रूप में करीब 21 साल काम किया।वे पिछले 21 साल से लगातार इस पद पर बने रहे। इस बार उन्हें सियासी तौर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद हुए चुनाव में उन्हें विशाल सिंह से कड़ी टक्कर मिली जिसके बाद अब उनका अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।