Bihar Politics: बीजेपी सांसद संजय जायसवाल का कांग्रेस पर तीखा प्रहार! बोले- 'कांग्रेस में न दिमाग, न संतुलन, विदेशी फंडिंग से चलता है एजेंडा'

Bihar Politics: सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है। जायसवाल ने कांग्रेस को 'दिमागहीन' और 'असंतुलित' बताया है...

 बीजेपी सांसद संजय जायसवाल
महागठबंधन पर निशाना- फोटो : Reporter

Bihar Politics:भारतीय जनता पार्टी  के वरिष्ठ सांसद और पश्चिम चंपारण, बिहार से चार बार के लोकसभा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है। अपने बेबाक बयान में जायसवाल ने कांग्रेस को 'दिमागहीन' और 'असंतुलित' करार देते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी विदेशी फंडिंग के इशारे पर काम करती है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के पास ना दिमाग है, ना संतुलित लोग हैं। ये लोग विदेश से फंडिंग लेते हैं और वही बोलते हैं, जो विदेशी ताकतें चाहती हैं।"

महागठबंधन पर साधा निशाना: 'भ्रष्टाचार और सट्टे की साजिश'

जायसवाल ने महागठबंधन को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की बैठकें बेकार हैं और इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने महागठबंधन के नेताओं को 'भ्रष्टाचारी' बताते हुए कहा, "ये लोग चाहते हैं कि बिहार में सट्टा लाया जाए और उसका बंटवारा किया जाए। इसीलिए ये एक मंच पर इकट्ठा होते हैं, लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं।" जब उनसे पूछा गया कि महागठबंधन ने अभी तक मुख्यमंत्री पद का चेहरा तय नहीं किया है, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "जिस गठबंधन का कुछ होना ही नहीं, उसके चेहरे का फाइनल होना या न होना क्या मायने रखता है?"

एनडीए की एकजुटता का दावा: '220 से ज्यादा सीटें जीतेंगे'

संजय जायसवाल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एकजुटता पर जोर देते हुए दावा किया कि एनडीए बिहार में 220 से ज्यादा सीटों के साथ तीन-चौथाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि  "हमारा गठबंधन पूरी तरह एकजुट है, और हम जनता के समर्थन से फिर से प्रचंड बहुमत लाएंगे।"

Nsmch

राहुल गांधी और सिख दंगों पर बड़ा बयान

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने 1984 के सिख दंगों की जिम्मेदारी लेने की बात कही थी, जायसवाल ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "बिल्कुल, कांग्रेस को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। 1984 के सिख दंगे और 1947 में हिंदुओं व सिखों की हत्या भारत के इतिहास का दुखद अध्याय है, और इसके लिए कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार है।" जायसवाल ने कांग्रेस को इन घटनाओं के लिए कठघरे में खड़ा करते हुए इसे देश के लिए शर्मनाक बताया।

संजय जायसवाल का यह बयान न केवल कांग्रेस और महागठबंधन के खिलाफ एक तीखा हमला है, बल्कि बिहार में आगामी चुनावों से पहले भाजपा की आक्रामक रणनीति को भी दर्शाता है। उनके बयानों ने सियासी माहौल को गर्म कर दिया है, और अब यह देखना होगा कि कांग्रेस और महागठबंधन इसका जवाब कैसे देते हैं।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह