Bihar Politics: बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी बने राष्ट्रीय संगठक, दिल्ली से संभालेंगे अहम जिम्मेदारी

Bihar Politics: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पार्टी का राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया है।...

BJP Names Nagendra Nath Tripathi as National Organiser
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी बने राष्ट्रीय संगठक- फोटो : reporter

Bihar Politics: भारतीय जनता पार्टी  ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पार्टी का राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और उनका कार्यक्षेत्र केंद्र दिल्ली रहेगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीन नवीन के निर्देश पर लिया गया है। पार्टी नेतृत्व ने इस नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

नवनियुक्त राष्ट्रीय संगठक के रूप में नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की जिम्मेदारी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सतत संवाद स्थापित करना, उनके अनुभवों का संगठनात्मक कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करना तथा पार्टी की जमीनी संरचना को और सशक्त बनाना होगी। भाजपा का मानना है कि लंबे संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण त्रिपाठी इस भूमिका में प्रभावी योगदान देंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए भाजपा संगठन को बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दे रही है। ऐसे में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और कार्यशैली का लाभ पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा तथा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को नई मजबूती मिलेगी।यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी है और राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह