Bihar Politics: मकान नहीं, लोकतंत्र छीना जा रहा है... राबड़ी आवास विवाद पर अब्दुलबारी सिद्दीकी का NDA पर तीखा हमला
Bihar Politics: राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर बिहार की सियासत लगातार गरमाती जा रही है।....
Bihar Politics: राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर बिहार की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। इस मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है और विपक्ष को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।सिद्दीकी ने कहा कि लोकतंत्र में यदि किसी नेता या दल के कामकाज पर आपत्ति है तो उस पर सवाल उठाइए, बहस कीजिए और जनता के सामने तथ्य रखिए, लेकिन राजनीतिक विरोधियों से सरकारी आवास छीनना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जो लोग लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, वे इस तरह की कार्रवाई का विरोध करेंगे।
सिद्दीकी ने यह भी कहा कि हमारे मुख्यमंत्री का बंगला प्रधानमंत्री के बंगले से भी बड़ा हो गया है क्यूँकि उपमुख्यमंत्री के आवास को वो मुख्यमंत्री के बंगले में मिला लिए है अब यह बंगला लगभग पंद्रह एकड़ से भी बड़ा कर लिया है सम्राट चौधरी ने लोकतंत्र को तिलांजलि दे दी है।
राजद नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री सामाजिक और राजनीतिक जीवन में मर्यादा की बात करते हैं, लेकिन बिहार में विपक्ष के प्रति व्यवहार इसके विपरीत दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष को कमजोर करने और उसकी राजनीतिक भूमिका को सीमित करने का प्रयास कर रही है।
सिद्दीकी ने यह भी कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं होती। जनता समय-समय पर सत्ता बदलती है और अंततः वही नेता याद रखे जाते हैं जिन्होंने जनहित में काम किया हो। उन्होंने स्वीकार किया कि अतीत में उनकी पार्टी से भी राजनीतिक गलतियां हुईं, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका सरकार की कमियों को उजागर करना और जनता की आवाज उठाना है।राजद नेता ने कहा कि राज्य के सामने कर्ज, विकास और जनहित के कई गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन सरकार का ध्यान विपक्ष को घेरने पर अधिक दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और विपक्ष का सम्मान जरूरी है, और राजनीतिक मतभेदों को प्रशासनिक कार्रवाई का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
वहीं राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा है कि कानून का उल्लंघन होगा तो हम लोग हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे जैसा कि इससे पहले भी हाईकोर्ट ने बंगले पर टिप्पणी की थी।
बहरहाल राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर जारी विवाद अब बिहार की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह