Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नवीन, दिल्ली रवाना होने से पहले महावीर मंदिर में करेंगे पूजा अर्चना
Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के बाद नितिन नवीन पहली बार आज दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली जाने से पहले नितिन नवीन पटना के महावीर मंदिर जाएंगे। जहां वे पूजा-पाठ करेंगे।
Bihar Politics: बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद वह पहली बार सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली जाने से पहले नितिन नवीन पटना स्थित महावीर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन सोमवार सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर सुबह 10 बजे पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
दिल्ली जाएंगे नितिन नवीन
इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, 6A दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पहुंचेंगे। जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक दिल्ली दौरा माना जा रहा है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय महासचिव ने दिया नियुक्ति पत्र
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को उनकी नियुक्ति का पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नियुक्ति की घोषणा के बाद पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। वीरचंद पटेल पथ स्थित कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय परिसर ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
पांचवीं बार विधायकी जीते हैं नितिन नवीन
नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पहली बार विधायक के रूप में चुनाव जीता था। वर्ष 2021 में वे पहली बार नीतीश कुमार सरकार में मंत्री बने। वर्तमान में उनके पास पथ निर्माण और नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी है।
पटना से वंदना की रिपोर्ट