Bankipur By Election: बांकीपुर रण में उतरने से पहले भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा का शक्ति प्रदर्शन, काली मंदिर में पूजा कर लिया जीत का संकल्प, बोले- भरोसे पर खरा उतरूंगा

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सियासी जंग के बीच भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने नामांकन से पहले धार्मिक अनुष्ठान कर चुनावी अभियान का आगाज किया।....

Neeraj Sinha Show of Strength Before Bankipur Election Battl
बांकीपुर रण में उतरने से पहले नीरज सिन्हा का शक्ति प्रदर्शन- फोटो : reporter

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सियासी जंग के बीच भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने नामांकन से पहले धार्मिक अनुष्ठान कर चुनावी अभियान का आगाज किया। नीरज सिन्हा ने पटना के बांस घाट स्थित काली मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मां काली का आशीर्वाद लेकर जीत का संकल्प लिया।पूजा के दौरान भाजपा प्रत्याशी ने माता के चरणों में नमन करते हुए चुनाव में सफलता और जनता का समर्थन मिलने की कामना की। इसके बाद उन्होंने नामांकन दाखिल करने के लिए प्रस्थान किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए नीरज सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वे पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रहे हैं और इस विश्वास को कायम रखने का हर संभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को और मजबूत करना तथा प्रदेश भाजपा नेतृत्व के मार्गदर्शन में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना है। नीरज सिन्हा ने प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व को आगे बढ़ाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

नामांकन के मौके पर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक ताकत का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा विधायक संजय गुप्ता, संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का गढ़ मानी जाती रही है। ऐसे में पार्टी इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रही है। वहीं विपक्षी दल भी इस सीट पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं। नामांकन के साथ ही अब बांकीपुर का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।


रिपोर्ट- बंदना शर्मा