Patna PMCH Protest: PMCH में आउटसोर्सिंग स्टाफ का बवाल, 6 महीने से वेतन नहीं मिलने पर हड़ताल, OT और वार्ड सेवाएं ठप होने से मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

Patna PMCH Protest: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में व्यवस्था चरमराने का खतरा मंडरा रहा है।...

PMCH Staff Strike Over Unpaid Wages Patient Care Hit
PMCH में आउटसोर्सिंग स्टाफ का बवाल- फोटो : reporter

Patna PMCH Protest:  बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में व्यवस्था चरमराने का खतरा मंडरा रहा है। छह महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। फ्रंटलाइन कंपनी से जुड़े आउटसोर्सिंग स्टाफ के विरोध प्रदर्शन के कारण अस्पताल की कई अहम सेवाओं पर सीधा असर पड़ा है।जानकारी के अनुसार, आउटसोर्सिंग के तहत काम करने वाले कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि महीनों से काम करने के बावजूद उन्हें मेहनताना नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

विरोध कर रहे कर्मचारियों ने नई कंपनी के आने का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि पुरानी व्यवस्था में काम कर रहे कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किए बिना बदलाव किया जा रहा है। इसी को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया।हंगामे का सबसे बड़ा असर अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवाओं पर पड़ा है। ऑपरेशन थिएटर और वार्ड में तैनात स्टाफ की सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज और देखभाल को लेकर चिंता का माहौल बन गया है। 

 पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जैसे बड़े अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भूमिका काफी अहम होती है। वार्ड प्रबंधन, मरीजों की देखभाल और ऑपरेशन थिएटर से जुड़ी कई व्यवस्थाएं इन्हीं कर्मचारियों के भरोसे चलती हैं। ऐसे में कर्मचारियों के विरोध से अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा दबाव पड़ सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती कर्मचारियों की नाराजगी दूर करना और सेवाओं को सामान्य करना है। अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।


रिपोर्ट- अनिल कुमार