बैंकॉक के पब में मौत का तांडव, आग की लपटों में 27 ज़िंदगियां खाक, धुएं और चीख-पुकार के बीच टॉयलेट में कई लोग फंसे, 63 घायल

Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया। बार में अचानक भीषण आग भड़क उठी, कुछ लोग धुएं और आग से बचने के लिए इमारत के पीछे बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन वहीं दम घुटने से उनकी मौत हो गई।...

Bangkok Pub Fire Kills 27 Leaves 63 Injured in Tragedy
आग की लपटों में 27 ज़िंदगियां खाक- फोटो : social Media

Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया। चाटुचाक डिस्ट्रिक्ट स्थित Rong Beer Na Lat Phrao बार में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में अब तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 63 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 22 की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पतालों में इलाज जारी है।

हादसे की सूचना रात करीब 11 बजकर 57 मिनट पर मिली। दमकल और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक आग ने अंदर मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मुख्य द्वार से निकलती आग की भयावह लपटें और जान बचाने के लिए बाहर भागते लोगों की चीख-पुकार साफ दिखाई दे रही है। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया था।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत स्टेज एरिया के पास हुई थी। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने वहां मौजूद एक संगीतकार से बातचीत की, जिसने बताया कि आउट स्विच के पास आग लगी और इसके बाद अचानक धमाके होने लगे। देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें फैल गईं, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

सबसे दर्दनाक पहलू यह सामने आया कि कई लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं ढूंढ पाए। कुछ लोग धुएं और आग से बचने के लिए इमारत के पीछे बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन वहीं दम घुटने से उनकी मौत हो गई। बचावकर्मियों को सबसे ज्यादा शव उसी जगह से मिले।

आग बुझने के बाद पब के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे गए। अंदर का पूरा फर्नीचर, दीवारें और सीलिंग बुरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। कई हिस्से टूटकर गिर गए थे। पुलिस और जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी भीषण आग कैसे लगी और सुरक्षा इंतजामों में कहीं कोई बड़ी लापरवाही तो नहीं हुई।इस भयावह अग्निकांड ने एक बार फिर भीड़भाड़ वाले मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राहत और बचाव अभियान के बाद अब प्रशासन की प्राथमिकता मृतकों की पहचान, घायलों का इलाज और हादसे की असली वजह का पता लगाना है।