बाढ़ में मामूली विवाद पर खूनी खेल: एनटीपीसी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में घर के बाहर बैठी महिला को बदमाशों ने मारी दो गोलियां
बाढ़ में बेखौफ बदमाशों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। शराब के नशें मे धुत बदमाशों ने बल्ब बुझाने जैसे मामूली बात पर महिला को गोली मार दी। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है....
Patna : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत एनटीपीसी थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर शांति से बैठी एक महिला को अपराधियों ने गोलियों का शिकार बना दिया। मामूली सी बात पर हुई इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों द्वारा गंभीर हालत में घायल महिला को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
बल्ब बुझाने के मामूली विवाद पर बदमाशों ने चलाई गोलियां
घायल महिला बबली देवी के पति सुरेंद्र सिंह ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि वे सभी परिवार के लोग अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान 5 से 6 की संख्या में पहुंचे कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे और उन्होंने वहां आकर बल्ब बुझाने जैसी बेहद मामूली बात पर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन दबंगों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें बबली देवी को दो गोलियां लग गईं और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने दल-बल के साथ किया घटनास्थल का मुआयना
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रामकृष्ण तुरंत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की गहनता से जाँच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों व आसपास के लोगों से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी
एसडीपीओ रामकृष्ण ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। नामजद और संलिप्त अपराधियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और इस प्रकार की आपराधिक वारटदातों को अंजाम देने वाले किसी भी बख्शा नहीं जाएगा।
रवि शंकर की रिपोर्ट