पटना का कुख्यात छोटू गोप गिरफ्तार, रंगदारी और फायरिंग मामले में शशि के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा दूसरा मुख्य आरोपी

पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पीरबहोर थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई गोलीबारी मामले के दूसरे मुख्य आरोपी कुख्यात छोटू गोप को धर दबोचा है......

पटना का कुख्यात छोटू गोप गिरफ्तार, रंगदारी और फायरिंग मामले
पटना का कुख्यात छोटू गोप गिरफ्तार- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में रंगदारी वसूलने और अपने वर्चस्व को कायम करने के लिए अंधाधुंध गोलीबारी करने वाले मामले में पटना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज कांड के मुख्य आरोपी छोटू गोप को गिरफ्तार कर लिया है। 


छोटू पहले एनआईटी के पास स्थित गोलखपुर में रहता था, लेकिन बाद में उसने अपना ठिकाना बदलकर नासरीगंज कर लिया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटू एक बार फिर गोलखपुर में अपने किसी दोस्त से मिलने आया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।


क्या है पूरा मामला? 9 अक्टूबर की घटना सेह सहम गया था इलाका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 9 अक्टूबर को पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया गांव स्थित दरियापुर शीतला मंदिर के पास रंगदारी वसूलने और इलाके में अपना वर्चस्व स्थापित करने को लेकर शशि, छोटू और उनके अन्य साथियों ने बबलू व उसके साथियों के साथ मारपीट की थी। जब स्थानीय लोगों ने इस गुंडागर्दी और मारपीट का विरोध किया, तो आरोपी शशि और छोटू ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी की इस घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।


सीसीटीवी फुटेज बना आधार, पुलिस की लगातार छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुँची थी और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए थे। इस पूरी वारदात के दौरान वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरों में सभी आरोपियों की तस्वीरें कैद हो गई थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पहले ही मुख्य आरोपी शशि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब छोटू गोप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


अनिल की रिपोर्ट