Bihar Jobs Scandal: बिहार विधान मंडल में बहाली का काला खेल! सभापतियों के कार्यकाल में नौकरियों की बंदरबांट, 121 नियुक्तियों पर फिर उठा सवाल

Bihar Jobs Scandal: बिहार में सरकारी नौकरी के लिए लाखों युवा सालों तक किताबों में सिर खपाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उम्र गुजर जाती है, कई अभ्यर्थियों के सपने टूट जाते हैं, लेकिन ...

Bihar Jobs Scandal
बिहार विधान मंडल में बहाली का काला खेल!- फोटो : X

Bihar Jobs Scandal: बिहार में सरकारी नौकरी के लिए लाखों युवा सालों तक किताबों में सिर खपाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उम्र गुजर जाती है, कई अभ्यर्थियों के सपने टूट जाते हैं, लेकिन बिहार विधान मंडल के गलियारों में नौकरियों का खेल कुछ अलग ही कहानी बयां करता रहा है। यहां कभी पदों की संख्या बढ़ाने के आरोप लगे, कभी नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियां हुईं तो कभी चहेतों और रिश्तेदारों को नौकरी देने के सवाल उठे। अब एक बार फिर बिहार विधान परिषद की बहाली ने पुराने जख्म हरे कर दिए हैं।

भाजपा कोटे से विधान परिषद के सभापति रहे अवधेश नारायण सिंह के कार्यकाल में हुई नियुक्तियां अब सवालों के घेरे में हैं। पद छोड़ने से पहले उन्होंने 121 अभ्यर्थियों को जॉइनिंग लेटर सौंपे थे। लेकिन जदयू कोटे से कार्यकारी सभापति बने रामवचन राय ने इनमें से 50 से अधिक नियुक्तियां रद्द कर दीं। आखिर इन नियुक्तियों में ऐसी क्या खामी थी कि जॉइनिंग लेटर मिलने के बाद भी नौकरी पर संकट आ गया? क्या बहाली प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी हुई थी? क्या योग्य अभ्यर्थियों की जगह किसी खास को फायदा पहुंचाया गया? फिलहाल इन सवालों पर सियासी खामोशी है, लेकिन विवाद ने एक बार फिर व्यवस्था की विश्वसनीयता पर चोट की है।

यह विवाद कोई नया अध्याय नहीं है। बिहार विधान परिषद की नियुक्तियों में गड़बड़ियों का इतिहास करीब चार दशक पुराना है। वर्ष 1999-2000 की CAG रिपोर्ट ने इस व्यवस्था की ऐसी तस्वीर सामने रखी थी, जिसे पढ़कर सरकारी बहाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, परिषद सचिवालय में 37 सेक्शन अधिकारियों के स्वीकृत पदों के मुकाबले 60 पद सृजित कर दिए गए। 27 चपरासियों की जगह 133 पद बना दिए गए। मार्च 2000 तक सहायकों के 222, नियमित क्लर्कों के 98 और टाइपिस्टों के 45 पद भी सृजित कर नियुक्तियां की गईं। सितंबर 1981 से नवंबर 1998 के बीच कर्मचारियों की कुल संख्या 344 से बढ़कर 679 हो गई। आरोप यह भी था कि निर्धारित मानदंडों के बिना पदों का सृजन हुआ और वित्त विभाग ने प्रस्तावों की पर्याप्त जांच किए बगैर मंजूरी दे दी। मई-जुलाई 1999 में विज्ञापित पदों पर 147 नियुक्तियों के अलावा पैनल में नाम नहीं होने के बावजूद तीन लोगों को नौकरी देने का भी उल्लेख रिपोर्ट में था।

इस कहानी की शुरुआत डॉ. उमेश्वर प्रसाद वर्मा के कार्यकाल से जोड़कर देखी जाती है। वे 1986 से 1994 तक दो कार्यकालों में सभापति रहे। इसी दौर में स्वीकृत संख्या से अधिक पद सृजित करने और सरकारी मानदंडों की अनदेखी के आरोप सामने आए। बाद में सभापति बने जाबिर हुसैन ने कई नियुक्तियों को अवैध मानते हुए रद्द किया। मामला हाईकोर्ट पहुंचा और कानूनी विवाद लंबा खिंच गया।

जाबिर हुसैन का कार्यकाल भी नियुक्तियों को लेकर विवादों से अछूता नहीं रहा। 1996 से 2006 के बीच उनके सभापतित्व के दौरान नियुक्तियों में भाई-भतीजावाद के आरोप लगे। उनके दामाद की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठे। विधान परिषद के सूत्रों के मुताबिक, थर्ड ग्रेड की बहाली प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद तत्कालीन मुख्य सचिव अरुण सिन्हा ने नियुक्तियां रद्द कर दीं। यह मामला भी अदालत तक पहुंचा।

विधानसभा की कहानी भी इससे अलग नहीं रही। 1990 से 1995 तक विधानसभा अध्यक्ष रहे गुलाम सरवर के कार्यकाल में हुई नियुक्तियों पर नियमों की अनदेखी के आरोप लगे। बाद में जांच के बाद कई नियुक्तियां रद्द की गईं। मामला हाईकोर्ट पहुंचा, लेकिन इस पूरे प्रकरण में जवाबदेही को लेकर सवाल बने रहे।

मार्च 2000 से 2005 तक विधानसभा अध्यक्ष रहे सदानंद सिंह के कार्यकाल में भी बहाली विवाद सामने आया। सुरक्षा गार्ड समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियों में अनियमितता के आरोप लगे। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जांच की। वर्ष 2019 में सदानंद सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात सामने आई। हालांकि, आरोप और न्यायिक निष्कर्ष अलग-अलग बातें हैं। इस मामले में अंतिम जवाबदेही का सवाल भी लंबे समय तक चर्चा में रहा। उनके पुत्र शुभानंद मुकेश वर्तमान में जदयू के कहलगांव विधायक हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार में नौकरी के लिए परीक्षार्थियों को पारदर्शिता, मेरिट और नियमों का पाठ पढ़ाया जाता है, तो विधान मंडल के भीतर नियुक्तियों में बार-बार विवाद क्यों पैदा होते हैं? क्या यहां भी सिफारिश और कोटे का कोई समानांतर तंत्र चलता रहा है? यदि ऐसा है तो इसकी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं होती? बी और सी ग्रेड की नियुक्तियां लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से कराने का प्रावधान होने के बावजूद उसका प्रभावी क्रियान्वयन क्यों नहीं हो पाया?

बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए यह महज नियुक्तियों का विवाद नहीं, बल्कि उनके भरोसे का सवाल है। जिस सदन से कानून और पारदर्शिता का संदेश निकलना चाहिए, उसी के भीतर बहाली पर बार-बार सवाल उठना लोकतंत्र की साख को चोट पहुंचाता है। आखिर नौकरी योग्यता से मिलेगी या सत्ता के गलियारों में तय होने वाले कथित कोटे से? बिहार को अब इस सवाल का जवाब चाहिए।