Bihar Price Rise: महंगाई के डबल अटैक से आम आदमी का बिगड़ा जायका, रसोई से दाल-चावल गायब, चाय की मिठास भी पड़ी फीकी

Bihar Price Rise: महंगाई की बढ़ती तपिश ने आम आदमी की जिंदगी का जायका बिगाड़ दिया है।...

Bihar Price Rise: महंगाई के डबल अटैक से आम आदमी का बिगड़ा जा
आम आदमी का बिगड़ा जायका- फोटो : X

Bihar Price Rise: महंगाई की बढ़ती तपिश ने आम आदमी की जिंदगी का जायका बिगाड़ दिया है। बाजार में खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे ने अब घरों का बजट ही नहीं, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की थाली भी सूनी करनी शुरू कर दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि गृहिणियों के लिए रसोई चलाना किसी इम्तिहान से कम नहीं रह गया है। दाल में पानी बढ़ रहा है, सब्जियों में कटौती हो रही है और चाय में चीनी डालने से पहले भी जेब का हिसाब लगाना पड़ रहा है। महंगाई की यह मार सीधे आम आदमी की थाली पर पड़ रही है।

साल 2026 की शुरुआत से ही खाद्य वस्तुओं के दाम चढ़ने लगे थे, लेकिन बीते पखवाड़े में कीमतों ने जिस रफ्तार से छलांग लगाई है, उसने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। चावल, चीनी, दाल और खाद्य तेल जैसी रोजमर्रा की जरूरतों वाली चीजें लगातार महंगी हो रही हैं। बाजार में सामान्य खपत वाला चावल 38 से 70 रुपये किलो तक बिक रहा है। दलदली के किराना कारोबारियों के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में चावल की कीमत में चार से छह रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। पहले 34 से 36 रुपये किलो मिलने वाला उसना मंसूरी चावल अब 38 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं सोनम चावल की कीमत 64-65 रुपये से बढ़कर 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है।

चीनी की कीमतों ने भी आम परिवारों को झटका दिया है। कुछ समय पहले 60 रुपये किलो तक पहुंची चीनी अब दोबारा 68 से 70 रुपये किलो बिक रही है। इसका असर चाय से लेकर मिठाई और रोजमर्रा के खानपान तक पर पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा तल्खी खाद्य तेल के बाजार में देखने को मिल रही है। पेराई वाला शुद्ध सरसों तेल 240 रुपये से बढ़कर 260 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। ब्रांडेड सरसों तेल की कीमतों में भी पखवाड़े भर में चार से दस प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। पहले 190 से 230 रुपये लीटर मिलने वाला तेल अब 210 से 245 रुपये तक बिक रहा है। बिहार राज्य खुदरा विक्रेता महासंघ के विजय पटवारी के मुताबिक, थोक बाजार में सरसों तेल की आवक धीमी होने और स्टॉक कम रहने की आशंका से कीमतों में उछाल आया है।

वहीं रिफाइन तेल भी पांच से सात रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। हालांकि इसकी पैकिंग में 150 ग्राम अतिरिक्त तेल दिया जा रहा है। लेकिन इससे उपभोक्ताओं को कितनी राहत मिलेगी, यह अलग सवाल है।

दालों की महंगाई ने गरीब परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अरहर और चना दाल की कीमतों में भी तेजी दर्ज की जा रही है। जिन परिवारों के लिए दाल प्रोटीन का सबसे सस्ता जरिया थी, उनके लिए अब इसकी नियमित खरीदारी भी मुश्किल होती जा रही है। कई घरों में दाल की मात्रा घटाई जा रही है।

महंगाई की इस चौतरफा मार ने घरेलू बजट का संतुलन बिगाड़ दिया है। आमदनी सीमित है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपनी थाली में पौष्टिक भोजन कैसे बचाएं? बाजार की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण और आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाना अब बेहद जरूरी हो गया है।