Bihar Train Delay: छठ पर घर लौटने की राह हुई कठिन, 26 घंटे तक लेट चल रहीं ट्रेनें, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Bihar Train Delay: छठ महापर्व पर अपने घर और परिवार के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर बिहार लौट रहे प्रवासियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।

Bihar Train Delay: छठ पर घर लौटने की राह हुई कठिन, 26 घंटे त
छठ पर घर लौटने की राह हुई कठिन- फोटो : X

Bihar Train Delay: छठ महापर्व पर अपने घर और परिवार के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर बिहार लौट रहे प्रवासियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से बिहार आने वाली कई नियमित और विशेष ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। नतीजतन यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। त्योहार की खुशियों के बीच रेल परिचालन की अव्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, गुजरात, महाराष्ट्र, सूरत और हावड़ा समेत विभिन्न शहरों से पटना और बिहार के दूसरे जिलों की ओर आने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें विलंब से संचालित हो रही हैं।

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक हजार से अधिक विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को उनके घर तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराना है। हालांकि, विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के बावजूद परिचालन संबंधी समस्याओं से यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही है। कई लंबी दूरी की ट्रेनों के निर्धारित समय और वास्तविक आगमन के बीच कई घंटों का अंतर आ गया है।

बुधवार को आनंद विहार-जयनगर गरीब रथ करीब आठ घंटे की देरी से चल रही थी। नई दिल्ली-राजेंद्र नगर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस लगभग पांच घंटे विलंबित रही, जबकि नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस भी करीब आठ घंटे की देरी से संचालित हो रही थी। इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और घरेलू कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा।

सबसे चिंताजनक स्थिति उन विशेष ट्रेनों की है, जो 24 से 26 घंटे तक विलंब से चल रही हैं। 04052 हावड़ा स्पेशल फेयर स्पेशल 25 घंटे 59 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं, 04404 पटना जनसाधारण फेस्टिवल स्पेशल 25 घंटे 54 मिनट विलंबित है। 04478 भागलपुर फेस्टिवल स्पेशल 24 घंटे 32 मिनट और 22362 राजेंद्र नगर टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 24 घंटे की देरी से संचालित हो रही है।

पटना जंक्शन पर भी यात्रियों का दबाव साफ दिखाई दे रहा है। ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन रही है। लंबी प्रतीक्षा, भीड़ और अनिश्चित समय-सारिणी ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की कठिनाई बढ़ा दी है। छठ जैसे महत्वपूर्ण लोकपर्व पर घर पहुंचने की आकुलता के बीच यात्रियों की अपेक्षा है कि रेलवे परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त करे और ट्रेनों की स्थिति की सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराए।