Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र का किया दौरा, आदिवासियों से संवाद कर जानीं समस्याएं, विकास का दिया भरोसा
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध 'भीमबांध ईको-पर्यटन क्षेत्र' का भ्रमण कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध 'भीमबांध ईको-पर्यटन क्षेत्र' का भ्रमण कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय आदिवासी समुदाय के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आदिवासी समुदाय ने नारेबाजी कर किया स्वागत
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय आदिवासी समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने नारेबाजी कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संवाद के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्य रूप से पक्की सड़क, पेयजल व्यवस्था, हाई स्कूल का निर्माण, सिंचाई के लिए नहर तथा एक सामुदायिक भवन की मांग प्रमुखता से रखी।
विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का आश्वासन
ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह तत्पर है और क्षेत्र में विकास से जुड़ी सभी आवश्यक योजनाएं जल्द से जल्द पूरी कराई जाएंगी। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय आबादी का कल्याण सुनिश्चित करना है।
प्रभारी मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर गन्ना उद्योग सह मुंगेर जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अरुण भारती, विधायक कुमार प्रणय, विधायक मनीष कुमार और पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और क्षेत्र के विकास पर अपनी राय रखी। कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।