पटना से राजगीर की दूरी होगी 20 किलोमीटर कम, सीएम नीतीश ने किया फोरलेन हाई-वे का शिलान्यास, आपस जुड़ेंगे SH 78, NH 33 और NH 120
सीएम नीतीश ने राजगीर में सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाई-वे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया है जिससे पटना से राजगीर की दूरी लगभग 20 कि०मी० कम हो जाएगी.

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर में सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाई-वे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा राष्ट्रीय उच्च पथ 82 पर नवनिर्मित आर०ओ०बी० का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने राजगीर के सिलाव के बेलौआ में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 862.63 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा जिला अंतर्गत सालेपुर (एस०एच०-78) से नूरसराय-अहियापुर-सिलाव होते हुए एन0एच0-120 के बेलौआ (राजगीर) तक फोर लेन हाई-वे (बौद्ध सर्किट को जोड़नेवाला राजगीर का पर्यटन मार्ग) के निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास के पश्चात् मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ का निर्माण हो जाने से पटना से राजगीर की दूरी लगभग 20 कि०मी० कम हो जाएगी। इसके बन जाने से राजगीर में निर्माणाधीन / निर्मित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर व हवाई अड्डा, नालंदा विश्वविद्यालय एवं राजगीर पर्यटन क्षेत्र पहुंचना सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पथ के बन जाने से इस क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में प्रगति होगी। साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्ञातव्य है कि इस परियोजना के माध्यम से बिहटा सरमेरा राजकीय उच्च पथ (एस०एच०-78), सालेपुर-करौटा पथ, बिहारशरीफ-जहानाबाद राष्ट्रीय उच्च पथ (एन०एच०-33) तथा बिहारशरीफ-राजगीर-गया-डुमरांव राष्ट्रीय उच्च पथ (एन0एच0-120) आपस में जुड़ जाएंगे।
राजगीर रोड ओवरब्रिज का उद्घाटन
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने ग्राम हसनपुर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर 81 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 82 के भाग 74+683 पर राजगीर रोड ओवरब्रिज (पहुंच पथ सहित) का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजगीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इससे लोगों का आवागमन और सुगम हो जाएगा तथा जाम से निजात मिलेगी।
ज्ञातव्य है कि रेलवे ओवरब्रिज राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-120 (पुराना एन0एच0-82) सरदार पटेल हॉल्ट एवं राजगीर परिसर में स्थित है। पहले यहां लेवल क्रॉसिंग पर जाम की स्थिति बनी रहती थी। इस आर०ओ०बी० के बगल से राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की तरफ राजगीर, नवादा एवं गयाजी से जाने के लिए पथ निकलती है। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम है, जिसमें कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्द्धाएं होती रहती हैं और आर०ओ०बी० से राजगीर अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम की दूरी 8 कि०मी० है।
चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री ने राजगीर खेल परिसर स्थित स्टेडियम में एशिया रग्बी अंडर 20 चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने भूटानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक कौशल किशोर, पूर्व विधायक ई० सुनील सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग तथा खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर० पुडकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ० चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के चेयरमैन शीर्षत कपिल अशोक, बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित अन्य वरीय अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।