पटना में 400 बेड के एलएनजेपी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का सीएम सम्राट ने किया लोकार्पण, स्वास्थ्य मंत्री निशांत का बड़ा ऐलान

निशांत ने कहा कि बिहार सरकार राज्यवासियों को आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार स्वास्थ्य संरचनाओं को और अधिक सुदृढ़ कर रही है। एलएनजेपी अस्पताल का यह नया सुपर स्पेशियलिटी भवन आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है

LNJP Super Speciality Hospital
LNJP Super Speciality Hospital- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल परिसर में   400 बेड वाले अत्याधुनिक ऑर्थोपेडिक एवं न्यूरो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार सरकार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की।


निशांत ने कहा कि बिहार सरकार राज्यवासियों को आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार स्वास्थ्य संरचनाओं को और अधिक सुदृढ़ कर रही है। एलएनजेपी अस्पताल का यह नया सुपर स्पेशियलिटी भवन आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है, जिससे अब ऑर्थोपेडिक, न्यूरो एवं ट्रॉमा से जुड़ी गंभीर और जटिल बीमारियों का बेहतर इलाज राज्य के भीतर ही संभव होगा।


एलएनजेपी में  अत्याधुनिक सुविधाएँ

यह जी+5 (Ground + 5) मंजिला अस्पताल पूरी तरह अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। मरीजों की सुविधा के लिए यहां डिजिटल टोकन मैनेजमेंट सिस्टम (QMS) स्थापित किया गया है, जिससे पंजीकरण एवं ओपीडी सेवाएं अधिक व्यवस्थित और सुगम होंगी। अस्पताल में स्मार्ट न्यूमेटिक ट्यूब सिस्टम के माध्यम से इमरजेंसी में दवाओं एवं सैंपलों की त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक बेड पर नर्स कॉल सिस्टम उपलब्ध कराया गया है, जिससे मरीज सीधे नर्सिंग स्टाफ से संपर्क कर सकेंगे।


42  आईसीयू बेड

अस्पताल में 42 अत्याधुनिक आईसीयू बेड, 6 एडवांस मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 24×7 आपातकालीन सेवाएं, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर, ट्रॉमा केयर, सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे, मैमोग्राफी एवं अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक रेडियोलॉजी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी एवं बायोकेमिस्ट्री लैब, माइनर ओटी, प्लास्टर रूम, डे-वार्ड, प्राइवेट वार्ड, एसआईसीयू, एमआईसीयू एवं पीआईसीयू, प्री एवं पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, फार्मेसी, पंजीकरण काउंटर, हेल्प डेस्क, सेंट्रल स्टेराइल सप्लाई विभाग (CSSD), लॉन्ड्री, जिम्नेजियम, ड्राइविंग सिम्युलेटर लैब, न्यूरो रिहैब ट्रेनिंग, ग्रुप थेरेपी तथा डेली लिविंग स्किल्स ट्रेनिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।


उन्होंने कहा, यह अस्पताल न केवल मरीजों को अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराएगा, बल्कि पुनर्वास सेवाओं के माध्यम से उन्हें समान्य जीवन की ओर लौटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके शुरू होने से बिहार के लाखों मरीजों को राज्य के भीतर ही गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।


इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक नवल किशोर यादव की गरिमामयी उपस्थित रही। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।