Anant Singh: अनंत सिंह को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से लगा बड़ा झटका, मुजरा और हथियार वीडियो विवाद में छोटे सरकार को नहीं दी नहीं दी राहत, जांच तेज

Anant Singh: मोकामा के कथित छोटे सरकार अनंत सिंह को वायरल वीडियो और एफआईआर मामले में अदालत से बड़ा झटका लगा है।....

Court Refuses Relief to Anant Singh in Viral Video Case
अनंत सिंह को कोर्ट से झटका- फोटो : reporter

Anant Singh: मोकामा के कथित छोटे सरकार अनंत सिंह को वायरल वीडियो और एफआईआर मामले में अदालत से बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें किसी भी प्रकार की राहत देने से इनकार कर दिया। साथ ही गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग भी खारिज कर दी गई।

यह सुनवाई जिला जज राजेंद्र पांडेय की अदालत में हुई, जहां बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष दोनों ने अपनी-अपनी दलीलें पेश कीं। बचाव पक्ष के अधिवक्ता राजेश पाठक ने कोर्ट को बताया कि वायरल वीडियो में विधायक अनंत सिंह की कोई आपत्तिजनक भूमिका नहीं दिखती और राजनीतिक साजिश के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और वायरल किए गए अश्लील गीत वाले वीडियो में अनंत सिंह मौजूद भी नहीं थे। इसी आधार पर गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई।

वहीं अभियोजन पक्ष की ओर से जिला लोक अभियोजक देव वंश गिरी उर्फ भानु गिरी ने अदालत को बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित जनेऊ कार्यक्रम में अनंत सिंह अपने समर्थकों और गायक गुंजन सिंह के साथ पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार, 2 और 3 मई को सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन से जुड़े वीडियो वायरल हुए थे। वीडियो में प्रतिबंधित हथियार दिखने की आशंका जताई गई है, जिसकी जांच जारी है। मामले में वीडियो को फॉरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ताकि वीडियो और हथियारों की सत्यता की पुष्टि की जा सके।

सुनवाई के बाद कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी और केस डायरी आने के बाद ही आगे की प्रक्रिया होगी। इस मामले में मीरगंज थाने में अनंत सिंह और गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब इस केस की अगली सुनवाई 20 मई को होगी।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा