उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी की अधिकारियों को दो टूक, अफसरों को दे दी अंतिम चेतावनी, जानिए पूरा मामला
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी तटबंधों, बांधों और नहरों की स्थिति का गहन निरीक्षण कर लें, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
Vijay Chaudhary : मानसून को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विजय चौधरी ने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड का दौरा करें, तटबंधों और नहरों की स्थिति का निरीक्षण करें तथा किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा, “पूरी जिम्मेदारी आप लोगों की है। आप सभी सक्षम अधिकारी हैं, लेकिन आज से यह आदत बना लीजिए कि हर परिस्थिति में फील्ड में जाना है, तटबंधों पर जाना है और नहरों की निगरानी करनी है। अगर कोई अधिकारी मौके पर नहीं मिला और मैं वहां पहुंच गया, तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिर कोई बचाने वाला नहीं होगा।”
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी तटबंधों, बांधों और नहरों की स्थिति का गहन निरीक्षण कर लें, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभागीय अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने, मरम्मत कार्यों को समय पर पूरा करने और लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।