पटना में एटीएम कार्ड बदलकर अवैध निकासी करने वाला साइबर गिरोह बेनकाब, गया से तीन शातिर गिरफ्तार
पटना पुलिस ने राजधानी में एटीएम कार्ड बदलकर खाते से अवैध निकासी करने वाले साइबर अपराधियों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले पुलिस तीन शातिर साइबर अपराधियों को गयाजी से गिरफ्तार किया है.....
Patna : राजधानी पटना में एटीएम कार्ड बदलकर खाते से अवैध निकासी करने वाले साइबर अपराधियों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दरअसल राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एटीएम से पैसे निकालने के दौरान एक महिला का कार्ड मशीन में फंसने का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधियों ने उनका कार्ड बदल लिया। शातिर अपराधियों ने चालाकी से पिन नंबर की जानकारी हासिल कर महिला के बैंक खाते से कुल 61,102 रुपये की अवैध निकासी कर ली, जिसके बाद पीड़िता द्वारा मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई आरोपियों की पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और तकनीकी अनुसंधान तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। पुलिस ने फुटेज और डिजिटल सर्विलांस की मदद से गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों की पहचान की और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाया।
गया जिले में छापेमारी कर तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार
पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गया जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों—विवेक कुमार, धीरज सिंह और धनंजय कुमार को पुलिस ने धर दबोचा।
छह की-पैड फोन, स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर गाड़ियां बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से बड़े पैमाने पर अवैध सामान और गाड़ियां जब्त की हैं। इनमें छह की-पैड मोबाइल, दो स्मार्टफोन, कई एटीएम कार्ड, मोबाइल चार्जर, नकदी के अलावा अपराध में इस्तेमाल की जाने वाली एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट डिजायर कार शामिल हैं।
पूछताछ जारी, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल कदमकुआं थाना की पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने पटना और आसपास के इलाकों में किन-किन अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधी कहां-कहां सक्रिय हैं।