घने कोहरे ने पटना एयरपोर्ट पर उड़ानों की रफ्तार रोकी, इंडिगो सबसे ज्यादा प्रभावित, 14 उड़ानें रद्द, 48 प्रभावित

शुक्रवार सुबह भी पटना में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विमान परिचालन पर एक बार फिर असर पड़ा। कई उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया है और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

Dense fog at Patna airport
Dense fog at Patna airport- फोटो : news4nation

Patna Airport :  पटना में लगातार छाए घने कोहरे ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई परिचालन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर इंडिगो एयरलाइंस पर देखने को मिला, जिसे  गुरुवार को एक ही दिन में कुल 14 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 48 से अधिक फ्लाइटें निर्धारित समय से काफी देरी से संचालित हुईं। वहीं शुक्रवार को भी हवाई सेवाओं पर मौसम का बुरा असर देखा गया।


रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली और बेंगलुरु की दो-दो फ्लाइटें शामिल थीं, वहीं हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता की एक-एक उड़ान भी निरस्त करनी पड़ी। इनमें सात उड़ानें पटना आने वाली और सात पटना से जाने वाली थीं। हालांकि कुछ यात्रियों को पहले ही रद्द होने की सूचना दे दी गई थी, जिससे वे अपनी टिकटें रीशेड्यूल करा सके, लेकिन बड़ी संख्या में यात्री ऐसे भी रहे जिन्हें एयरपोर्ट पहुंचने के बाद फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिली और उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।

विजिबिलिटी महज 200 मीटर

मौसम की मार सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रही। दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य उत्तर भारतीय शहरों में भी घने कोहरे के कारण उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ। गुरुवार सुबह पटना एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता बेहद कम हो गई थी। सुबह करीब सात बजे विजिबिलिटी घटकर महज 200 मीटर रह गई, जो विमान संचालन के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति मानी जाती है।

दो घंटे की देरी से परिचालन 

कोहरे के कारण पटना एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन करीब दो घंटे की देरी से शुरू हो सका। दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की पहली फ्लाइट सुबह की जगह दोपहर 11:15 बजे लैंड कर पाई। इसके बाद दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 12:42 बजे और बेंगलुरु से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 1:01 बजे पटना पहुंची। मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की दोपहर 12:30 बजे की फ्लाइट दिन की पहली ऐसी उड़ान रही, जो अपने तय समय पर लैंड कर सकी।

मौसम की चुनौती

मौसम की चुनौती अभी टली नहीं है। शुक्रवार सुबह भी पटना में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विमान परिचालन पर एक बार फिर असर पड़ा। कई उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया है और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिगड़ते मौसम के बीच इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस के लिए पटना सेक्टर एक बार फिर बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है।