नीतीश के मंत्रियों का विभाग बंटवारा तय ! मुख्यमंत्री पहुंचे राज भवन, देखिए 26 मिनिस्टरों का लेखाजोखा

नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में बीजेपी के 14, जदयू के आठ और लोजपा (RV) के दो और रालोमो व हम के एक-एक नेता शामिल हैं।

Nitish Kumars ministers
Nitish Kumars ministers- फोटो : news4nation

Nitish Kumar : बिहार में 26 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद शुक्रवार को उनके विभागों के बंटवारे को लेकर बड़ी हलचल देखी गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार शाम 3.30 बजे के बाद राजभवन पहुंचे. सीएम नीतीश का राजभवन जाना मुख्य रूप से मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को फाइनल रूप देने की कवायद मानी जा रही है. एक दिन पहले ही नीतीश कुमार के साथ कुल 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी. 


दरअसल, एनडीए ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक प्रचंड जीत दर्ज की, जिसमें 243 में से 202 सीटें जीतीं, जबकि महागठबंधन केवल 35 सीटें ही हासिल कर सका। सत्तारूढ़ गठबंधन ने 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में तीन-चौथाई बहुमत हासिल किया, जो दूसरी बार है जब एनडीए ने राज्य चुनावों में 200 सीटों का आंकड़ा पार किया। 2010 में, इसने 206 सीटें जीती थीं। 


नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में बीजेपी के 14, जदयू के आठ और लोजपा (RV) के दो और रालोमो व हम के एक-एक नेता शामिल हैं। भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी उप मुख्यमंत्री, विजय कुमार सिन्हा उप मुख्यमंत्री, मंगल पांडेय, दिलीप कुमार जायसवाल, रामकृपाल यादव, नितिन नबीन, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार मंत्री बने हैं. 


वहीं जदयू से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र कुमार यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमां खान मंत्री बने हैं. इसके अलावा संजय कुमार और संजय कुमार सिंह लोजपा (रा) से मंत्री बने हैं. वहीं संतोष सुमन हम से जबकि दीपक प्रकाश को रालोमो से मंत्री बनाया गया है. 

रंजन की रिपोर्ट